ओला कैब पेड़ से टकराई ड्राइवर की मौत, दो घायल
चूनाभट्टी इलाके में कलियासोत डेम के पास अनियंत्रित ओला कैब ढलान पर पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक अनिल की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो युवक घायल होने के बाद से गायब हैं।मूलतः सिवनी निवासी सुनील चौहान (27) पिता बजारी लाल चौहान कोलार के ललिता नगर में रहता है। उसने बताया कि उसके साथ उसका जुड़वा भाई अनिल भी रहता था। वह मो. शफीक की टैक्सी ओला कैब में चलाता था। रविवार रात करीब 2 बजे उन्हें उसके एक्सीडेंट की सूचना मिली। गंभीर हालत में उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सोमवार सुबह 6 बजे उसकी मौत हो गई। सुनील ने बताया कि रात को अनिल अपने दोस्तों के साथ कहीं चला गया था, लेकिन उन्हें उसके बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं था। वह उसके दोस्तों को नहीं जानता।मो. शफीक ने बताया कि कार में जीपीएस होता है, जिससे उसकी लोकेशन मिलती है। शिफ्ट खत्म होने के बाद चालक जीपीएस बंद कर देता है, जिसका एसएमएस उनके और कंपनी के पास जाता है। अनिल ने रविवार रात 9ः44 बजे जीपीएस बंद कर दिया था। वह दूर रहता था, इसलिए कार उन्होंने उसे ही दे रखी थी। ऐसे में अनिल घटना स्थल पर कैसे पहुंचा, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।पोस्टमार्टम के बाद कागजी कार्रवाई को लेकर पुलिस और परिजनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस उनसे कोरे कागज पर साइन करने का कह रही थी, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इस बात को लेकर पुलिसकर्मी ने उन्हें थाने आकर कागजी कार्रवाई पूरी करने को कहा। परिजनों को शव सिवनी ले जाना था, इसलिए बाद में मामला सुलझा लिया गया।