नगर निगम का सुरेश घूस लेते गिरफ्तार
ललितनगर निगम में घूसखोरी कोई नई बात नहीं है। लोकायुक्त पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए नगर निगम के वार्ड 26 में संपत्ति कर के एक मामले में घूस लेते हुए एक कर्मचारी को रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। वार्ड 26 के एक कर्मचारी सुरेश मैना के पास बरखेड़ी खुर्द के नरेश सिंह ठाकुर अपने संपत्ति कर के सिलसिले में गए थे। उनके संपत्ति कर का निर्धारण होना था। सुरेश मैना संपत्ति कर का काम देखते हैं तो नरेश ने उनसे कई बार मुलाकात की तो उन्होंने कर निर्धारण के लिए 10 हजार रुपए की मांग की। जब सुरेश मैना ने बिना पैसे के काम करने में आना कानी की तो नरेश ने लोकायुक्त की विशेष स्थापना पुलिस में शिकायत कर दी। आज योजनाबद्ध ढंग से सुरेश मैना को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।सुरेश इससे पहले भी एक मामले में फंस चुका है और आला अधिकारीयों के पास उसकी ऐसी कई शिकायतें थीं। लेकिन किसी ने भी आज तक सुरेश के खिलाफ कार्यवाही नहीं की। ताजा प्रकरण में भी पीड़ित व्यक्ति ने पहले बड़े अधिकारीयों को इस मामले की जानकारी दी लेकिन जब कुछ नहीं हुआ तो मज़बूरी में उसे लोकायुक्त के पास जाना पड़ा। सुरेश ने पीड़ित नरेश से कहा था कि यह पैसा ऊपर तक जाएगा तब तुम्हारा काम होगा।