महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में सीएए को लेकर जन जागरण की जिम्मेदारी संभालेंगे नरोत्तम मिश्रा
भोपाल। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जनता में फैली भ्रांतियों को दूर करने के काम को भारतीय जनता पार्टी काफी गंभीरता से ले रही है। इसके लिए पूरे देश को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार की गई है और विभिन्न राज्यों में जन जागरण की जिम्मेदारी भी सक्षम नेताओं को सौंपी जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को भी पार्टी नेतृत्व ने चुना है। डॉ. मिश्रा को महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में जन जागरण की जिम्मेदारी दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों के अनुसार पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्यप्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को जन जागरण अभियान से संबंधित बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ राज्यों का जिम्मा सौंपा है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा जन जागरण जागरूकता अभियान के लिए दोनों राज्यों का दौरा करेंगे और जनता के बीच नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर फैले भ्रम को दूर करेंगे। डॉ. नरोत्तम मिश्रा भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी हाई कमान के विश्वसनीय माने जाते हैं। कई मौके पर उन्हें अन्य राज्यों में बड़ी जिम्मेदारी दी जा चुकी है।