सतना। जिले के ताला थाना क्षेत्र अंगर्तग ग्राम घुइसा में बीती देर रात एक किसान के खलिहान में भीषण आग लग गई, जिससे खलिहान में रखी धान की फसल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की सूचना पर ग्रामीण इकट्ठे हुए और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
ताला थाना पुलिस के अनुसार घटना ग्राम घुइसा निवासी चन्द्रशेखर तिवारी के खलिहान में हुई। तिवारी और उसके परिवार के अन्य लोगों ने धान की फसल कटाई के बाद खलिहान में सूखने के लिए रखी थी। रविवार को देर रात आग की घटना में खलिहान में रखी फसल पूरी तरह जल गई। लोगों ने आग की लपटें उठते देखी और अपने संसाधनों से देर रात ही आग को बुझा दिया गया। खलिहान मालिक चंद्रशेखर तिवारी पुलिस को बताया है कि किसी व्यक्ति ने बीड़ी या सिगरेट पीने के बाद उसे जलती हुई खलिहान के पास फेंद दी, जिससे यह घटना हुई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस आगजनी में किसान का भारी नुकसान हुआ है।