भोपाल। देश की राजधानी दिल्ली की तर्ज पर अब मध्य प्रदेश में भी गली-गली मोहल्ला क्लीनिक खुलने वाले हैं। कमलनाथ सरकार पूरे प्रदेश में संजीवनी क्लीनिक खोलने का प्लान लेकर आयी है। जिसके तहत सबसे पहले राजधानी भोपाल में ये क्लीनिक खोले जाएंगे।
प्रदेश का पहला संजीवनी क्लीनिक भोपाल के प्रियदर्शिनी नगर में तैयार कर लिया गया है। जिसकी शुरुआत 2 दिसंबर को की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट, जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा और नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह संजीवनी क्लीनिक की शुरुआत करेंगे। संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और नर्सिंग स्टाफ तैनात किया जाएगा। रोजाना सुबह 8 बजे से शाम आठ बजे तक क्लीनिक खुला रहेगा। जिसमें मरीजों को जांच, इलाज और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। भोपाल के बाद पूरे प्रदेश में इसका विस्तार होगा। प्रदेश के 89 ब्लॉक में संजीवनी क्लीनिक शुरु करने की योजना है।