भोपाल। राजधानी भोपाल के आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को खाने में अंडा देने का प्रस्ताव मंजूर हो गया है। 1 अप्रैल 2020 से बच्चों को हफ्ते में 3 दिन खाने में अंडे दिए जाएंगे। इसके साथ ही अंडा नही खाने वाले बच्चों को फल दिए जाएंगे। राज्य सरकार इस योजना पर सालाना 113 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
मध्यप्रदेश सरकार सभी आंगनबाडिय़ों में एक से 6 साल तक के करीब 10 लाख बच्चों और गर्भवती महिलाओं को हफ्ते में 3 दिन अंडे बांटेगी। जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी में बच्चों को अंडा देने प्रस्ताव मंजूर हो गया है। जो बच्चे या महिलाएं अंडे नहीं खाते उन्हें उस राशि के फल दिए जाएंगे। महिला और बाल विकास विभाग इस योजना पर सालाना 113 करोड़ रुपए खर्च होंगे। विभाग अब बजट के लिए फाइल वित्त विभाग को भेजेगा। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने आंगनबाडिय़ों में अंडा बांटने जाने का विरोध किया है, जिसके बाद से यह प्रस्ताव सरकार के पास अटका हुआ था। विभाग यह प्रयास कर रहा है कि प्रदेश से ही अंडा लिया जाए। इसके लिए जोन बनाए जा सकते हैं, ताकि ताजा अंडा आंगनबाडिय़ों तक तुरंत पहुंच जाए। वेंडर के लिए अलग से ड्राफ्ट तैयार होगा।