Advertisement
गौतम नगर क्षेत्र स्थित रेशम केंद्र के पास बुधवार शाम को तालाब से बरामद किशोरी के शव का मामला सुलझा लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने किशोरी के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पहले किशोरी के सिर पर पत्थर मारा था, इसके बाद ऑपरेशन ब्लेड से गला रेत दिया था। दरअसल किशोरी बार-बार घर से भागकर प्रेमी के पास आ जाती थी। शिकायत मिलने पर जहां युवक को पुलिस थाने में तलब करती थी,वहीं किशोरी के परिजन भी उसके साथ मारपीट करते थे।
एएसपी मनु व्यास ने बताया कि बुधवार शाम को रेशम केंद्र तालाब से किशोरी का शव बरामद किया था। कुछ ही देर बाद उसकी पहचान करोंद क्षेत्र स्थित पूजा कॉलोनी निवासी पूजा उर्फ बुलबुल के रूप में हुई थी। पता चला कि वह 8 सितंबर को अचानक लापता हो गई थी। जांच के दौरान पता चला कि इसके पूर्व भी पूजा घर से लापता हो चुकी थी,तब परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अभिषेक जाट नाम के युवक को हिरासत में लिया था। साथ ही पूजा के घर वालों ने अभिषेक की पिटाई भी की थी। लेकिन पूजा अभिषेक का साथ नहीं छोड़ना चाहती थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने पूजा कॉलोनी निवासी अभिषेक पुत्र रमेश जाट(18) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अभिषेक ने पूजा की हत्या करना कबूल कर लिया।
बोट क्लब पर रोती मिली थी
एएसपी मनु व्यास के मुताबिक पूजा घर से निकलने के बाद अभिषेक के पास पहुंच गई थी। 9 सितंबर को दोनों बाइक से बोट क्लब पर भी पहुंचे थे। इस दौरान कहा सुनी होने पर पूजा एकांत में जाकर रोने लगी थी। वहां मौजूद पुलिस ने चौकी पर ले जाकर समझाइश दी थी। इसके बाद वह फिर अभिषेक के साथ चली गई थी। पूजा का शव बरामद होने के बाद श्यामलाहिल्स पुलिस को भी मामले की गुत्थी सुलझाने की टीम में शामिल किया गया था। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि बोट क्लब से निकलने के बाद वह रात करीब 11 बजे पूजा को लेकर रेशम केंद्र के पास पहुंचा था। वहां उसने पूजा से कहा कि वह अपने घर वापस चली जाए, लेकिन वह घर नही जाना चाहती थी। साथ ही वह रोने लगी। परेशान होने पर वह पूजा से कुछ देर में आने का कहकर चला गया। इसके बाद मेडिकल की दुकान से ऑपरेशन ब्लेड लेकर वहां पहुंचा। उसने पहले पूजा के सिर पर पत्थर मार दिया। इसके बाद ब्लेड से गले और चेहरे पर वार कर दिए। साथ ही तालाब में धक्का दे दिया। इसके बाद घर चला गया था।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |