Video

Advertisement


अबू धाबी में भारत-यूएई की 14वीं संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की बैठक, अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास पर बनी सहमति
आर्मी

नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की 14वीं बैठक 26 नवंबर को अबू धाबी में हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और यूएई के रक्षा मंत्रालय के अवर सचिव लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम नासिर एम. अल अलावी ने की। बैठक में मई 2026 में प्रधानमंत्री की यूएई यात्रा के दौरान हस्ताक्षरित ‘भारत-यूएई रणनीतिक रक्षा साझेदारी रूपरेखा’ के तहत तय कार्यक्रमों को रणनीतिक दिशा दी गई। दोनों पक्षों ने रक्षा उद्योग, रक्षा नवाचार और उन्नत प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, सैन्य प्रशिक्षण और समुद्री सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई।

 

अगली पीढ़ी के रक्षा उपकरणों के संयुक्त विकास और संयुक्त उत्पादन से जुड़ी साझेदारियों को गति देने पर भी सहमति बनी। दोनों सह-अध्यक्षों ने अगली जेडीसीसी बैठक से पहले रक्षा सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की नियमित अंतराल पर समीक्षा करने का निर्णय लिया।

 

भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा विभाग, भारतीय सशस्त्र बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि शामिल थे।

 

भारतीय रक्षा उद्योग का एक शिष्टमंडल भी व्यापार-से-व्यापार (बी2बी) साझेदारियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेडीसीसी प्रतिनिधिमंडल के साथ गया। बैठक के दौरान दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच व्यापारिक संवाद भी हुआ। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने तवाजुन औद्योगिक पार्क का दौरा किया और यूएई की तवाजुन आर्थिक परिषद के साथ बैठक में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

 

रक्षा सचिव के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने यूएई के रक्षा मामलों के राज्य मंत्री मोहम्मद बिन मुबारक फादेल अल मजरूई से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र की उभरती भू-राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की और रणनीतिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। रक्षा सचिव ने इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

 

इससे पहले रक्षा सचिव ने अबू धाबी स्थित ‘वहात अल करामा’ स्मारक पर यूएई की सेवा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Kolar News 26 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.