Advertisement
भोपाल : गुरूवार, नवम्बर 26, 2026
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की तलाश और उन्हें सकुशल परिजनों तक पहुंचाने के लिए संचालित ऑपरेशन मुस्कान के तहत विगत तीन सप्ताह में विभिन्न जिलों की पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दूसरे राज्यों से 12 नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस टीमों ने बिहार, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और केरल तक पहुंचकर गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों की तलाश की। इस दौरान पांच वर्ष से लापता बालिका सहित कई लंबे समय से गुमशुदा बच्चों को भी खोजकर उनके परिवारों से मिलाया गया।
टीकमगढ़ जिले की पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया। थाना लिधौरा पुलिस ने नाबालिग अपहृता की तलाश करते हुए उत्तरप्रदेश के मेरठ से उसे सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। इस प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। वहीं, थाना बल्देवगढ़ पुलिस ने मुखबिर तंत्र एवं साइबर सेल की मदद से चौकी देवरदा क्षेत्र की दो अपहृत नाबालिग बालिकाओं को उत्तरप्रदेश के हमीरपुर से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने त्वरित सूचना संकलन एवं अंतरराज्यीय स्तर पर समन्वय के माध्यम से सफलता प्राप्त की।
मुरैना में मानव दुर्व्यापार निरोधी इकाई (AHTU) ने पांच वर्ष पूर्व सिहोनिया क्षेत्र से गुमशुदा हुई नाबालिग बालिका की तलाश में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की। लंबे समय से लापता बालिका की तलाश के लिए किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने उसे राजस्थान के धौलपुर जिले से सकुशल दस्तयाब किया। पांच वर्ष पुराने प्रकरण में बालिका को दूसरे राज्य से तलाश कर सकुशल वापस लाना पुलिस के सतत प्रयासों एवं संवेदनशील कार्यवाही को दर्शाता है।
नर्मदापुरम जिले के माखननगर थाना पुलिस ने पांच माह से लापता नाबालिग बालिका की तलाश करते हुए उसे महाराष्ट्र राज्य से सकुशल दस्तयाब किया। बालिका के लंबे समय से लापता होने के कारण परिजन चिंतित थे। पुलिस टीम ने उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर लगातार तलाश करते हुए दूसरे राज्य तक पहुंचकर बालिका को खोज निकाला।
ग्वालियर में ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना माधौगंज पुलिस ने घर से बिना बताए गई 15 वर्षीय नाबालिग बालिका की तलाश में गुजरात राज्य तक कार्रवाई की। पुलिस टीम ने खोजबीन करते हुए गुजरात के मेहसाणा जिले में बालिका का पता लगाया और उसे एक संदेही के कब्जे से सकुशल बरामद किया। पुलिस द्वारा प्रकरण में पूछताछ एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बालाघाट में थाना कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए केरल राज्य के इडुक्की जिले से अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब किया। बालिका की तलाश के लिए पुलिस टीम ने दूसरे राज्य में पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। इस प्रकरण में पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद करने के साथ ही अपहरण के आरोपी 19 वर्षीय युवक को भी गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे प्रकरण में गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपहृत बालिका को सकुशल परिजनों तक पहुंचाने में सफलता मिली।
भिंड में थाना मेहगांव पुलिस ने गुमशुदा बालिका की तलाश के लिए अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए गुजरात राज्य के सूरत शहर से उसे सकुशल दस्तयाब किया। पुलिस टीम ने उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर बालिका की खोजबीन की और दूसरे राज्य में पहुंचकर उसे खोज निकाला। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गुमशुदा बालिका को सकुशल वापस लाकर परिजनों से मिलाया गया।
सिंगरौली में ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना नवानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश के वाराणसी से दो नाबालिग बालकों को सकुशल दस्तयाब किया। दोनों बालकों की तलाश के लिए पुलिस ने सूचना प्राप्त होने के बाद तत्परता से कार्रवाई की और महज 24 घंटे के भीतर दूसरे राज्य में उनका पता लगाकर उन्हें सकुशल वापस लाया। पुलिस के प्रयासों से दोनों बालकों को उनके परिजनों से मिलाया गया और दो परिवारों में खुशियां लौट आईं।
इंदौर में थाना तेजाजी नगर पुलिस ने अपहरण के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 वर्षीय अपहृता को गुजरात से सकुशल दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की है। थाना तेजाजी नगर में प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए अपहृता की तलाश की तथा थाना गोंडल तालुका, जिला राजकोट (गुजरात) पहुंचकर उसे सकुशल दस्तयाब किया।
कटनी में थाना बहोरीबंद पुलिस ने घर से बिना बताए गई एक गुमशुदा युवती की तलाश के लिए त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार की राजधानी पटना पहुंचकर उसे सकुशल दस्तयाब किया। पुलिस टीम ने उपलब्ध जानकारी एवं तकनीकी सहायता के आधार पर युवती की तलाश की और उसे सुरक्षित वापस लाकर परिजनों से मिलाया।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत की जा रही कार्रवाई में प्रदेश के भीतर भी गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं को लगातार दस्तयाब किया जा रहा है। वहीं, दूसरे राज्यों में पहुंचकर की गई इन कार्रवाइयों में पुलिस टीमों के आपसी समन्वय, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और सतत प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बच्चों की सुरक्षित वापसी और परिवारों को राहत पहुंचाना मध्यप्रदेश पुलिस की प्राथमिकता है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |