Video

Advertisement


संविधान दिवस पर नए आपराधिक कानूनों पर समिट, विजय शर्मा बोले - तकनीक और वैज्ञानिक विवेचना से मजबूत होगी न्याय प्रणाली
up mukhyamantri sharma

रायपुर, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय समिट का आयोजन हुआ। ‘रिफॉर्म टू रियलिटी - छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन’ विषय पर आयोजित समिट में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, न्यायविदों और विधि शिक्षाविदों ने नए कानूनों के क्रियान्वयन, व्यावहारिक चुनौतियों और वैज्ञानिक विवेचना पर मंथन किया।

 

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ई-साक्ष्य एवं क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) में छत्तीसगढ़ पुलिस ने मात्र तीन माह में राष्ट्रीय स्तर पर 26वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंचकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, निरंतर प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। अब छत्तीसगढ़ को नए आपराधिक कानूनों के अनुसार पूर्णतः डिजिटल न्याय व्यवस्था वाला राज्य बनाना है।

 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस को स्थापना के महज 24 वर्षों के भीतर प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ सम्मान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यह सम्मान पुलिस की कार्यकुशलता, अनुशासन, पेशेवर प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

 

शर्मा ने पुलिस, अभियोजन, न्यायपालिका और विधि शिक्षाविदों के बीच निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देकर दोषसिद्धि दर में सुधार लाया जा सकता है।

 

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

 

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने पुलिस के नेतृत्व और कार्यों की सराहना की। उन्होंने मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों की भूमिका को रेखांकित करते हुए संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप निष्पक्ष और न्यायसंगत कार्रवाई पर बल दिया।

 

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने डिजिटल साक्ष्यों के प्रबंधन, ई-साक्ष्य और आधुनिक विवेचना पद्धतियों को और मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।

 

पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) जी.पी. सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस और एचएनएलयू के संयुक्त प्रयासों से अब तक 35 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का गहन प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

 

एचएनएलयू के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन ने कहा कि जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर जैसे प्रावधान आम नागरिकों के लिए न्याय की पहुंच आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

 

समिट में तीन तकनीकी सत्र हुए। पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा ने एनडीपीएस प्रकरणों में साक्ष्य संकलन और जब्ती की प्रक्रिया पर मार्गदर्शन दिया। पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक कुमार तिवारी ने विवेचना की गुणवत्ता और शुचिता पर चर्चा की। राज्य औद्योगिक न्यायालय के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अधूरी विवेचना और फोरेंसिक रिपोर्ट में विलंब के न्यायिक निर्णयों पर पड़ने वाले प्रभावों पर जानकारी दी।

 

समिट में प्रदेशभर से लगभग 300 पुलिस अधिकारियों ने प्रत्यक्ष भाग लिया। यूट्यूब पर सीधे प्रसारण के माध्यम से सभी जिलों के लगभग 35 हजार पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सहित अभियोजन और फोरेंसिक विभाग के अधिकारी भी जुड़े।

Kolar News 26 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.