Advertisement
नई दिल्ली, 26 नवंबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को नई दिल्ली में उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित संविधान दिवस समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने सभी देशवासियों को संविधान दिवस की बधाई दी और कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत के लोगों ने अपने संविधान को अंगीकृत किया था। राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2015 में संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. बाबासाहब भीमराव आंबेडकर के 125वें जयंती वर्ष पर इस दिन को प्रति वर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। यह संविधान के महान शिल्पकार और संविधान के आदर्शों को श्रद्धा के साथ स्मरण करने का दिन है।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र की गौरवशाली यात्रा में उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालयों और जिला एवं निचले न्यायालयों ने अमूल्य योगदान दिया है। बदलती परिस्थितियों और अपेक्षाओं के अनुसार अपनी भूमिका निभाते हुए न्यायपालिका ने न्याय के मूल आदर्शों को सुदृढ़ बनाए रखा है। न्यायिक स्वतंत्रता तथा न्यायिक जवाबदेही का समन्वय न्यायपालिका की भूमिका को शक्ति प्रदान करता है।
समय पर न्याय पर जोर देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि समय पर न्याय मिलना न्याय की अवधारणा का अनिवार्य अंग है। इसके लिए पद्धतियों को सरल बनाने, प्रौद्योगिकी का उपयोग करने और विशेष न्यायालयों के गठन जैसे अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद लंबित मामलों की विशाल संख्या न्याय प्रणाली के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायपालिका के प्रत्येक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों से इस चुनौती का समाधान होगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि सबके पास उच्च न्यायालयों और उच्चतम न्यायालय तक पहुंचने के संसाधन नहीं होते। संविधान का निर्देश है कि निःशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाकर समान अवसर के आधार पर न्याय सुलभ कराया जाए, ताकि आर्थिक या अन्य किसी विवशता के कारण कोई भी नागरिक न्याय से वंचित न रह जाए। जिला, राज्य और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरणों को कमजोर और वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने के लिए और अधिक प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि विधिक शिक्षा में कानूनों के अध्ययन जितना ही महत्व समानुभूति और नैतिकता को भी दिया जाना चाहिए। युवा अधिवक्ताओं के सामने ऐसे उदाहरण प्रस्तुत किए जाएं, जिनसे उन्हें लगे कि इस पेशे में उत्कृष्टता के साथ समानुभूति और दक्षता के साथ करुणा का समन्वय किया जा सकता है।
महिलाओं की भागीदारी पर राष्ट्रपति ने कहा कि न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं के रूप में महिलाओं की अधिक व्यापक और सक्रिय भागीदारी से समाज अधिक निष्पक्ष, न्यायपूर्ण, समतामूलक और समावेशी बनेगा। समावेशिता और योग्यता पर और अधिक बल देने से न्यायपालिका और अधिक सशक्त होगी।
उन्होंने दिव्यांगजनों, एसिड हमले के पीड़ितों, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले लोगों से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देने के लिए उच्चतम न्यायालय के प्रयासों की सराहना की। मामलों के प्रभावी प्रबंधन, डिजिटल परिवर्तन और विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |