Advertisement
रायपुर, 26 नवंबर 2026। जनसेवा महज प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों से जुड़ा संकल्प है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कार्यशैली में यही भाव साफ दिखाई देता है। उनकी सहजता, सरलता और आत्मीयता शासन को आम नागरिकों के और करीब ला रही है।
सरकार की सफलता का आकलन केवल विकास के आंकड़ों और योजनाओं के क्रियान्वयन से नहीं होता। उसकी असली कसौटी यह है कि समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में कितना सकारात्मक परिवर्तन आया है। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में विकास और मानवीय संवेदनाएं एक-दूसरे की पूरक बन रही हैं।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में जब प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से आए नागरिक अपनी समस्याएं रखते हैं, तो उनके व्यवहार में अभिभावक जैसी आत्मीयता दिखाई देती है। किसी की बात को धैर्यपूर्वक सुनना, उसकी परिस्थितियों को समझना और समाधान के लिए तत्काल पहल करना संवेदनशील नेतृत्व की पहचान है।
कोरबा जिले के 83 वर्षीय परसराम राठौर के जीवन में तीन दशकों बाद स्पष्ट आवाजें सुन पाने की खुशी इसी संवेदनशीलता का उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा - ‘बाबा, चिंता मत कीजिए’ और तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की पहल की। शासन की दृष्टि से यह छोटी-सी सहायता हो सकती है, लेकिन उस बुजुर्ग के लिए यह जीवन की बड़ी खुशी थी।
बच्चों के भविष्य को लेकर भी मुख्यमंत्री की चिंता साफ दिखी। छह वर्षीय अयांश के पैरों के उपचार और तीन वर्षीय पार्थ साहू की आंखों के बेहतर इलाज के लिए उन्होंने पहल की। आर्थिक अभाव के कारण अपने बच्चे का उपचार न करा पा रहे परिवार के लिए शासन से मिला सहयोग केवल चिकित्सा मदद नहीं, बल्कि उम्मीद की नई किरण बन जाता है।
पिता के निधन और परिवार की आर्थिक कठिनाइयों के बीच पढ़ाई जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही जशपुर की बेटी फरहीन को भी मुख्यमंत्री से सहयोग का भरोसा मिला। किसी बेटी को विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को जीवित रखने के लिए प्रेरित करना उसके आत्मविश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री साय की कार्यशैली में संवेदनशीलता और प्रशासनिक सक्रियता का समन्वय दिखाई देता है। जरूरतमंदों को मौके पर आर्थिक सहायता, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे नागरिकों के उपचार की व्यवस्था के निर्देश शासन को अधिक मानवीय और उत्तरदायी बना रहे हैं।
उनका दृष्टिकोण केवल अभावों को दूर करने तक सीमित नहीं है। वे प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिए भी प्रोत्साहित करते हैं। खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही बेटियों की उपलब्धियों की सराहना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए सहयोग का भरोसा देना उनकी सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
सुशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रशासनिक दक्षता के साथ मानवीय संवेदनाओं का समावेश ही उसे पूर्णता देता है। जब शासन नागरिकों की कठिनाइयों को समझता है और उन्हें सम्मान के साथ अपनी बात रखने का अवसर देता है, तब लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होती हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनदर्शन शासन और जनता के बीच इसी विश्वास का सेतु बन रहा है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |