Video

Advertisement


रायपुर में संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी और संगोष्ठी, मुख्यमंत्री बोले - संविधान के आदर्शों पर विकसित छत्तीसगढ़ बना रही सरकार
मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 26 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। हमारी सरकार इन्हीं संवैधानिक मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

 

मुख्यमंत्री साय गुरुवार को रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण किया। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और "संविधान से सुशासन तक - बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़" पुस्तक का विमोचन किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस का आयोजन शुरू हुआ, जिससे नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को संविधान के आदर्शों और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने का अवसर मिल रहा है।

 

उन्होंने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिया। जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होना इसी भावना का सशक्त उदाहरण है।

 

आपातकाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1975 में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा। उनके बड़े पिताजी नरहरि साय लोकतंत्र सेनानी थे और आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल के इतिहास से परिचित कराने के लिए 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि को पुनः प्रारंभ किया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी किया गया और तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाया गया। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

 

बस्तर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को चुनौती दी। नक्सली गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने लोकतंत्र के प्रति आस्था बनाए रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई हुई है। अब दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को आदान सहायता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना से लाखों महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है। जनजातीय समाज को वनोपज का बेहतर मूल्य दिलाने, युवाओं को रोजगार देने और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए भी कदम उठाए गए हैं।

 

कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान समय और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप देश को आगे बढ़ने की दिशा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू करना न्याय व्यवस्था में दृष्टिकोण के परिवर्तन का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ सरकार भी जनहितकारी, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से संविधान की मूल भावना को साकार कर रही है।

 

राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस हर भारतीय के लिए गर्व और स्वाभिमान का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों के विकास से उनके विचारों और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।

 

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो नागरिकों को मौलिक अधिकार देने के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। स्वतंत्रता और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात महानायकों के संघर्ष से नई पीढ़ी को परिचित कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

 

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, विधायक सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Kolar News 26 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.