Video

Advertisement


संविधान की रक्षा केवल नारों से नहीं, नागरिकों के अधिकारों और वोट की सुरक्षा से होगी - उमंग सिंघार ने कहा
उमंग सिंघार

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संविधान दिवस पर कहा आज 26 नवंबर है। इसी दिन 1949 में पूरे भारत ने अपने संविधान को अपनाया था। यह दिन केवल एक ऐतिहासिक दस्तावेज को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि उन करोड़ों लोगों के संघर्ष, अधिकारों और सपनों को याद करने का दिन है, जिन्हें सदियों तक समानता, सम्मान और न्याय से वंचित रखा गया। उमंग सिंघार ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें ऐसा संविधान दिया, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। संविधान ने देश के हर नागरिक को यह भरोसा दिया कि उसकी जाति, धर्म, वर्ग, भाषा या आर्थिक स्थिति उसके अधिकारों के रास्ते में बाधा नहीं बनेगी।

 

उमंग सिंघार ने कहा कि आज संविधान दिवस पर हमें खुद से एक सवाल पूछना चाहिए कि क्या संविधान में दिए गए अधिकार वास्तव में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पा रहे हैं? क्या हमारी सरकारें संविधान की भावना के अनुरूप काम कर रही हैं?

 

उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की चर्चा करते समय आज एक बेहद महत्वपूर्ण मुद्दे पर बात करना जरूरी है। वह है नागरिकों के मतदान के अधिकार की सुरक्षा।

 

हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। एक गरीब मजदूर हो या देश का प्रधानमंत्री, संविधान के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक के वोट का समान महत्व है। यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। लेकिन आज देश में वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम कटने की आशंकाएं और शिकायतें सामने आ रही हैं। यह केवल राजनीतिक दलों का मुद्दा नहीं है। यह देश के प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार का सवाल है।

 

उमंग सिंघार ने पूछा कि यदि किसी गरीब, दलित, आदिवासी, मजदूर या ग्रामीण नागरिक का नाम मतदाता सूची से हट जाता है और वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाता, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं है, बल्कि लोकतंत्र में नागरिक की आवाज है। इसलिए मतदाता सूची में पारदर्शिता, निष्पक्षता और हर पात्र नागरिक के वोट की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब हर नागरिक को यह भरोसा होगा कि उसका वोट सुरक्षित है और उसकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

 

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के आदिवासी समाज की स्थिति देखिए। जिन लोगों का जीवन जल, जंगल और जमीन से जुड़ा है, आज वही लोग अपनी जमीन और जंगल बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उमरिया से लेकर महू के मानपुर और आलीराजपुर तक, श्योपुर, पन्ना से बालाघाट तक आदिवासी परिवारों के विस्थापन और बेदखली के मामले सामने आ रहे हैं। विकास और परियोजनाओं के नाम पर उनके घर, खेत और जंगल प्रभावित हो रहे हैं। केन-बेतवा परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और अधिकारों को लेकर भी सवाल हैं। पेसा कानून इसलिए बनाया गया था ताकि अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभाओं को वास्तविक अधिकार मिलें। ग्रामसभाएं अपने जल, जंगल और जमीन से जुड़े फैसले स्वयं ले सकें। लेकिन आज कई जगह ग्रामसभाओं की सहमति और अधिकारों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

 

वनाधिकार कानून का उद्देश्य था कि पीढ़ियों से जंगलों में रहने वाले आदिवासी परिवारों को उनकी जमीन और सामुदायिक संसाधनों पर अधिकार मिले। लेकिन आज भी अनेक परिवार अपने अधिकारों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। सरकार को बताना चाहिए कि जब कानून ने अधिकार दिए हैं, तो उन अधिकारों को जमीन पर लागू करने में इतनी देरी क्यों हो रही है?

 

उमंग सिंघार ने कहा कि बाबा साहेब ने अपना पूरा जीवन दलित, शोषित और वंचित समाज को समानता और सम्मान दिलाने के लिए समर्पित किया। संविधान ने अस्पृश्यता को समाप्त किया और प्रत्येक नागरिक को बराबरी का अधिकार दिया। इसके बावजूद आज भी दलित समाज के लोगों को जातिगत भेदभाव, अपमान और अत्याचार का सामना करना पड़ता है। किसी व्यक्ति को उसकी जाति के कारण अपमानित किया जाए, सार्वजनिक स्थान पर जाने से रोका जाए या अपने अधिकारों की आवाज उठाने पर प्रताड़ित किया जाए, तो यह संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। सरकार की जिम्मेदारी है कि दलित समाज को केवल योजनाओं का लाभ नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और न्याय भी मिले।

 

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण का मुद्दा लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा है। 27 प्रतिशत आरक्षण को लेकर लंबे समय से कानूनी और राजनीतिक संघर्ष चल रहा है। हालिया हाईकोर्ट के फैसले के बाद यह सवाल और महत्वपूर्ण हो गया है कि ओबीसी युवाओं को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में उनका उचित प्रतिनिधित्व कैसे मिलेगा? सरकार को इस विषय पर स्पष्ट नीति बनानी चाहिए। सामाजिक न्याय केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सभी वर्गों को उनका उचित प्रतिनिधित्व देने से सुनिश्चित होता है।

 

उमंग सिंघार ने कहा कि मध्यप्रदेश में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हजारों पद खाली हैं। बैकलॉग पदों को भरने की मांग लगातार उठ रही है। जब संविधान में इन वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान है, तो फिर इन पदों को भरने में देरी क्यों हो रही है? क्या इन वर्गों के युवाओं को उनका अधिकार नहीं मिलना चाहिए? क्या सामाजिक न्याय का मतलब केवल घोषणाएं करना रह गया है?

 

उन्होंने कहा कि आज संविधान दिवस पर मध्यप्रदेश सरकार से पूछना चाहिए कि क्या आदिवासियों को उनकी जमीन और जंगल पर अधिकार मिल रहे हैं? क्या ग्रामसभाओं को पेसा कानून के तहत वास्तविक अधिकार दिए जा रहे हैं? क्या दलित समाज को सम्मान और न्याय मिल रहा है? क्या ओबीसी युवाओं को उनका प्रतिनिधित्व मिल रहा है? क्या SC-ST के बैकलॉग पद भरे जा रहे हैं? और क्या देश के प्रत्येक पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित है?

 

इन सवालों का जवाब भाषणों और घोषणाओं से नहीं, बल्कि सरकार के काम से मिलना चाहिए। उमंग सिंघार ने कहा कि संविधान की सफलता केवल चुनाव कराने और सरकारें बनाने से तय नहीं होती। संविधान की असली सफलता तब होगी, जब समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति को न्याय मिलेगा, आदिवासी को अपनी जमीन पर अधिकार मिलेगा, दलित को सम्मान मिलेगा, पिछड़े वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा और हर नागरिक का वोट सुरक्षित रहेगा। किसी से विशेष अधिकार नहीं मांगे जा रहे हैं। केवल संविधान में दिए गए अधिकारों का सम्मान और उनका वास्तविक पालन चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि आज 26 नवंबर को यह संकल्प लेना होगा कि संविधान के मूल्यों से कोई समझौता नहीं होगा। लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि रहेगी और किसी भी नागरिक को उसके अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। बाबा साहेब का सपना एक ऐसे समाज का था, जहां स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व केवल शब्द नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा हों। उसी सपने का मध्यप्रदेश बनाना है। संविधान बचाना है, लोकतंत्र बचाना है और हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा करनी है।

Kolar News 26 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.