Video

Advertisement


भोपाल में संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी और प्रबुद्धजन संगोष्ठी, मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ने किया संबोधित
बीजेपी

भोपाल, 26 नवंबर 2026

भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में गुरूवार को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया और प्रबुद्धजन संगोष्ठी आयोजित हुई। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संविधान जेब में रखने की वस्तु नहीं, आत्मसात करने का ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। राहुल गांधी ने संसद में पारित विधेयक को सबके सामने फाड़कर संविधान का अपमान किया। इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर न्यायालय के अधिकार छीने और प्रेस पर सेंसरशिप लगाई।

 

उन्होंने कहा कि भारत नाम की पैरवी से लेकर राष्ट्रीय प्रतीक के चित्रांकन तक मध्यप्रदेश की संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संविधान जनता को सरकार चुनने और बदलने की शक्ति देता है। संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान को समझना जरूरी है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की उद्देशिका में भारतीय कालगणना, विक्रम संवत और शक संवत का उल्लेख हमारी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाता है। संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ और वर्ष 1951 में ही इसमें पहला संशोधन किया गया। संसद को संविधान संशोधन का अधिकार है, लेकिन इस शक्ति का उपयोग संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के लिए नहीं होना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्णय के बाद आपातकाल लागू किया जाना और उसके दौरान 39वें एवं 42वें संविधान संशोधनों के माध्यम से संवैधानिक व्यवस्थाओं में व्यापक बदलाव करना भारतीय लोकतंत्र के इतिहास की महत्वपूर्ण घटना है। आपातकाल के दौरान न्यायपालिका की शक्तियों को सीमित करने का प्रयास हुआ और प्रेस-मीडिया तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पाबंदियां लगाई गईं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित असंख्य क्रांतिकारियों ने देश को स्वतंत्र कराने के लिए संघर्ष किया, ताकि भारत की जनता अपने प्रतिनिधियों को स्वयं चुन सके। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान मताधिकार देकर यह ताकत दी है कि गरीब से गरीब व्यक्ति भी अपने वोट के बल पर देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंच सकता है। एक सामान्य परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश का नेतृत्व करना भारतीय लोकतंत्र की इसी शक्ति का उदाहरण है।

 

उन्होंने कहा कि समानता और बंधुत्व हमारे संविधान की आत्मा हैं। देश का नाम इंडिया के स्थान पर भारत रखने की पैरवी मध्यभारत क्षेत्र के प्रतिनिधि सेठ गोविंद दास और हरि विष्णु कामथ ने की थी। डॉ. हरिसिंह गौर ने वर्ष 1921 में देश में सर्वोच्च न्यायालय की स्थापना का विचार रखा था, जिसे वर्ष 1928 में पंडित मोतीलाल नेहरू ने भी समर्थन दिया। पूर्व मुख्यमंत्री पंडित रविशंकर शुक्ल और भगवंतराव मंडलोई सहित अन्य नेताओं ने केंद्र एवं राज्यों के बीच अंशदान और करों के बंटवारे जैसे विषय उठाए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी व्यवस्था के माध्यम से केंद्र और राज्यों के बीच कर प्रणाली को अधिक सरल और व्यवस्थित बनाया गया है। भारत के राष्ट्रीय प्रतीक अशोक चिह्न के चित्रांकन में मध्यप्रदेश के स्व. पंडित दीनानाथ भार्गव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समान नागरिक संहिता का विचार संविधान सभा के दौरान राजकुमारी अमृत कौर ने प्रमुखता से उठाया था। मध्यप्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता पारित होना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संविधान भारत की एकता, समानता और बंधुता की आत्मा है। इसका सम्मान हम सभी का दायित्व है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने पीड़ा को प्रेरणा बनाकर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहब के पांच स्थलों को पंचतीर्थ बनाकर राष्ट्रीय गौरव बनाया है।

 

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 महीने के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है कि संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बाबा साहब की जन्मस्थली महू इसी प्रदेश में है।

 

खण्डेलवाल ने कहा कि दुनिया के अनेक देश वर्ग संघर्ष में उलझे, लेकिन भारत की विविध संस्कृतियों के बावजूद एकता कायम है। इसका बड़ा आधार बाबा साहब द्वारा निर्मित संविधान है। महू, लंदन, नागपुर, दिल्ली और मुंबई को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय गौरव और करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र बनाया गया है। संविधान ने समाज के कमजोर वर्गों को संरक्षण और समान अवसर प्रदान किए हैं।

 

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक न्याय और उज्ज्वल भविष्य का मार्गदर्शक है। कांग्रेस ने वोट चोरी कर बाबा साहब को चुनाव हराने का कार्य किया था। युवाओं को बाबा साहब के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक न्याय और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि बाबा साहब अर्थशास्त्र में पीएचडी करने वाले पहले भारतीय थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में 35ए लागू करने का पुरजोर विरोध किया था। बाबा साहब को केवल संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में याद करना उनके विराट व्यक्तित्व को सीमित करना होगा। वे सामाजिक अन्याय के विरुद्ध आजीवन संघर्ष करने वाले महान योद्धा, प्रखर अर्थशास्त्री, दूरदर्शी चिंतक और आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा थे।

 

शेखावत ने कहा कि बाबा साहब ने संविधान में स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को सर्वोच्च स्थान दिया। सामाजिक समानता के बिना राजनीतिक लोकतंत्र पूर्ण नहीं हो सकता। हिंदू कोड बिल के माध्यम से उन्होंने महिलाओं को संपत्ति, विवाह और उत्तराधिकार के मामलों में समान अधिकार दिलाने का प्रयास किया। इस विधेयक को लेकर उत्पन्न मतभेदों के बाद वर्ष 1951 में उन्होंने केंद्रीय कानून मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया, जिसमें लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।

 

उन्होंने कहा कि बाबा साहब राष्ट्रीय एकता और अखंडता को सर्वोपरि मानते थे, उन्होंने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 लगाए जाने का भी पुरजोर विरोध किया था। कांग्रेस ने बाबा साहब के जीवनकाल में उनके विचारों और योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस ने बाबा साहब को भारत रत्न न देकर उनका अपमान किया। 1990 में जब भाजपा के समर्थन से केंद्र में सरकार बनी, तब उन्हें भारत रत्न दिलाया गया।

 

शेखावत ने कहा कि सत्ता की महत्वाकांक्षा में संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस ने सत्ता के लालच में कई बार संविधान में मनमाने संशोधन किए हैं। प्रथम संविधान संशोधन, 42वें संशोधन और अनुच्छेद 356 का उपयोग कर कांग्रेस ने चुनी गई कई सरकारों को गिराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा और 103वें, 104वें, 105वें और 106वें संविधान संशोधनों के माध्यम से आरक्षण, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाया गया।

 

उन्होंने युवाओं से संविधान को पढ़ने के साथ जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने की पुस्तक नहीं, बल्कि जीवन में अपनाए जाने वाले आदर्शों का मार्गदर्शक है।

 

उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रोहित आर्य ने संगोष्ठी की प्रस्तावना रखी। उन्होंने कहा कि संविधान की सर्वोच्चता और विधि का शासन किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। भारतीय संविधान की प्रस्तावना में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के चार मूल आदर्श समाहित हैं। आभार जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने माना।

 

संगोष्ठी में गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों के साथ पद्म पुरस्कारों से सम्मानित महानुभावों, डॉक्टरों, खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों, वकीलों, इंजीनियरों एवं विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।

Kolar News 26 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.