Advertisement
रायपुर, 25 नवंबर 2026
गरियाबंद जिले के घने जंगलों के बीच पहाड़ी पर बसे गहन्दर गांव में कभी महिलाओं को परिवार की प्यास बुझाने के लिए पहाड़ी रास्तों से नाले और झरने से पानी लाना पड़ता था। मटमैले पानी को कई परतों से छानकर पीने लायक बनाना पड़ता था। आज उन्हीं महिलाओं के घरों में नल से स्वच्छ पानी पहुंच रहा है। पानी जुटाने में लगने वाला समय और श्रम बच रहा है, घरों में साग-सब्जियां उगने लगी हैं और खानपान में भी बदलाव आया है।
गहन्दर में आज भी बिजली नहीं पहुंची है और चारपहिया वाहन से जाना संभव नहीं है। जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना ने यहां विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के परिवारों, खासकर महिलाओं की जिंदगी को नई दिशा दी है।
गरियाबंद जिला मुख्यालय से रायपुर की ओर करीब 20 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर ग्राम पंचायत बारूका स्थित है। वहां से करीब 11 किलोमीटर लंबे जंगली रास्ते से होकर पहाड़ी पर बसे आश्रित ग्राम गहन्दर तक पहुंचा जा सकता है। हाथी, हिरण और अन्य वन्य जीवों की आवाजाही वाले इस गांव में कमार जनजाति के करीब 11 परिवार रहते हैं। वनोपज संग्रहण इनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। दुर्गम परिस्थितियों के बीच यहां पानी की व्यवस्था करना भी किसी चुनौती से कम नहीं था।
ग्रामीण वर्षों से मौसमी नाले और झरने पर निर्भर थे। शासन ने गांव से कुछ दूरी पर एक हैंडपंप भी लगाया था, फिर भी पानी जुटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। महिलाओं की दिनचर्या का बड़ा हिस्सा परिवार के लिए पानी की व्यवस्था में बीतता था। अब घर में नल लगने से यह परेशानी दूर हुई है।
बिजली की सुविधा नहीं होने के कारण यहां सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना स्थापित की गई है। इसके माध्यम से सभी घरों में नल कनेक्शन देकर स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। गहन्दर को अक्टूबर-2024 में हर घर जल ग्राम घोषित किया गया है।
सरपंच छत्रपाल कुंजाम बताते हैं कि नाले से पानी लाने की मशक्कत ग्रामीणों के जीवन का हिस्सा बन चुकी थी। हर घर में पानी पहुंचने से मिली राहत का अंदाजा पहले के जीवन को देखकर लगाया जा सकता है। उन्होंने इस बदलाव के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।
गहन्दर की संत कुमारी और जयंती बाई के जीवन में भी बदलाव आया है। पहले पानी के साथ साग-सब्जियों के लिए भी दूर के गांवों तक जाना पड़ता था। अब घरेलू जरूरतों के बाद बचे पानी से वे अपने घरों में ही साग-सब्जियां उगा रही हैं। लोगों की थाली में पौष्टिक आहार बढ़ा है और महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिल रहा है।
जयंती बाई कहती हैं कि घर में नल लगने के बाद अब वे अपने पारंपरिक कार्यों को अधिक समय दे पा रही हैं।
गहन्दर में हर घर तक पानी पहुंचना केवल पेयजल की सुविधा नहीं है। महिलाओं के लिए यह रोज के कठिन परिश्रम से राहत, परिवार और आजीविका के लिए अधिक समय और बेहतर पोषण का अवसर भी है। कभी पानी की व्यवस्था में खपने वाला श्रम अब परिवारों की खुशहाली संवारने में लग रहा है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |