Advertisement
रायपुर, 25 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने का काम लगातार जारी है। इसी कड़ी में पीएम जनमन योजना के तहत जशपुर जिले को पांच बड़े पुलों की सौगात मिली है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन पुलों के निर्माण के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है।
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र में पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-I में छत्तीसगढ़ में 167 पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच पुल शामिल हैं। इनके बनने से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा और ग्रामीण बसाहटों का मुख्य मार्गों से संपर्क मजबूत होगा।
बगीचा विकासखंड में कुल 290 मीटर लंबाई के पांच पुल बनेंगे। डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये और जबला से नवापारा मार्ग पर नाले में 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर नाले में 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये और कुहापानी से बांसधार मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इन पुलों के बनने से बरसात में नालों के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र व अस्पताल पहुंचने में सुविधा होगी। स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका की गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बेहतर सड़क संपर्क से दूरस्थ जनजातीय बसाहटों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं की पहुंच भी आसान होगी। सभी निर्माण कार्य निर्धारित राशि के भीतर पूरे किए जाएंगे। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |