Advertisement
बीना, 22 नवंबर 2026
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बीना में करीब 11 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से बने संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।
मंत्री ने कहा कि नए भवन से बीना के लोगों को एक ही जगह विभिन्न विभागों की सेवाएं आसानी से मिलेंगी। सरकार का उद्देश्य प्रशासन को जनता के करीब लाना और सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। बीना के विकास के लिए अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वे बीना को जिला बनाने के प्रबल पक्षधर हैं। बीना ने देश के साथ विश्व पटल पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है। एरण, बीना रिफायनरी और जंक्शन इसकी पहचान के प्रमुख केंद्र हैं। जल्द ही एरण के विकास के लिए केंद्र सरकार से 100 करोड़ रुपये मिलेंगे और एरण को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि स्वामित्व योजना से लोगों को अपने घर का मालिकाना हक मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से आज लोगों को अपने घर की निःशुल्क रजिस्ट्री मिल रही है। उन्होंने बीना के सर्वांगीण विकास के लिए सबको मिलजुल कर काम करने का आह्वान किया।
राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि यह भवन बीना के विकास में बड़ी उपलब्धि है। अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और लोगों को एक ही स्थान पर सेवाएं मिलने से कामों में गति आएगी। उन्होंने सांसद निधि से कार्यालय परिसर में टीन शेड बनवाने और शासकीय स्कूल, कॉलेज व अन्य भवनों में शौचालय निर्माण के लिए राशि देने की घोषणा की।
बीना विधायक निर्मला सप्रे ने कहा कि इस भवन से बीना के प्रशासनिक ढांचे को नई पहचान मिली है। यह विकास की दिशा में नई सीढ़ी साबित होगा। विकास सिर्फ सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं है, आमजन को सुगम सुविधाएं मिलना ही सच्चा विकास है।
समारोह को सांसद लता वानखेड़े और गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |