Advertisement
बैतूल, 22 नवंबर 2026
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल में वार्ड स्तरीय क्लस्टर बैठकों में 9 करोड़ 88 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि वार्डों की जरूरत के हिसाब से विकास की योजना बनेगी और जनसंवाद से ही प्राथमिकताएं तय होंगी।
खंजनपुर के सिल्वर लॉन में सुभाष, अर्जुन, दुर्गा, मालवीय, शिवाजी और गांधी वार्ड के नागरिकों से संवाद हुआ। इन छह वार्डों में 5 करोड़ रुपये के 31 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मोती वार्ड के रॉय साहब के बगीचे में तिलक, आजाद, आर्यपुरा, मोती, किदवई और गौठाना वार्ड की बैठक हुई। इन वार्डों में 1 करोड़ 63 लाख रुपये के 14 कार्यों का भूमिपूजन हुआ। यहां रॉय साहब के बगीचे के कायाकल्प के साथ 28 दुकानों के निर्माण की भी बात कही गई।
टिकारी के मेघनाथ चौक में सवा तीन करोड़ रुपये के 27 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। बैठकों को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने भी संबोधित किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगर का विकास सिर्फ सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं है। स्वच्छ वातावरण, बेहतर बुनियादी सुविधाएं और सुगम आवागमन भी उतना ही जरूरी है। योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब वे वार्ड की वास्तविक जरूरत के अनुसार बनें और लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचे। बैतूल को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। मध्यप्रदेश स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और बैतूल नगर व जिला भी निरंतर विकास कर रहे हैं।
दादा धूनी धाम में श्रद्धालुओं के लिए 20 लाख रुपये की लागत से भक्त निवास बनाने की घोषणा की गई। इससे धाम आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी।
खेल सुविधाओं पर उन्होंने कहा कि बैतूल में क्रिकेट के साथ फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, तैराकी और एथलेटिक्स के लिए राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ट्रेंचिंग ग्राउंड को 10 एकड़ भूमि पर शहर से बाहर स्थानांतरित किया जा रहा है। 50 करोड़ रुपये से अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनेगा। एचएमटी फैक्ट्री के पास करीब 20 करोड़ रुपये से गीता भवन ऑडिटोरियम का निर्माण हो रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर वार्ड का समग्र विकास, स्वच्छ-सुंदर बैतूल और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना ही संकल्प है। बेहतर सड़कें, स्वच्छता, सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल और बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता हैं। विकास के लिए नागरिकों से निरंतर संवाद होगा और उनके सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |