Advertisement
भोपाल, 22 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके एवं कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने रविवार को भोपाल के नाथू बरखेड़ा में अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित खेलप्रेमियों और जनसमुदाय के मोबाइल की टॉर्च जलवाकर सभी को लोकार्पण में सहभागी बनाया। मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी अपने-अपने मोबाइल के टॉर्च जलाकर परिसर का औपचारिक लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेल के इतिहास में भोपाल का आज का दिन स्वर्णिम दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेल के क्षेत्र में झंडे गाड़ रहा है। खेल केवल प्रतिस्पर्धा और पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभावना विकसित करने का सशक्त जरिया भी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों। नाथू बरखेड़ा का अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर इसी सोच का परिणाम है। इससे भोपाल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि 134 एकड़ में 1 हजार करोड़ की लागत से यह खेल परिसर बना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी खेलों के मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में भोपाल केवल हॉकी के लिए ही नहीं, बल्कि हर खेल के अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम और विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के लिए पहचाना जाएगा। भोपाल का नाम पहले से ही हॉकी के साथ जुड़ा रहा है, लेकिन अब सपना है कि हर खेल के अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम भोपाल की धरती पर विकसित हों। प्रदेश की राजधानी में ऐसा खेल वातावरण विकसित हो, जो पूरे देश के लिए उदाहरण बने।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भोपाल में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनना हमारा सौभाग्य है। भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है। मध्यप्रदेश में 28 फीसदी युवा रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल खेलों, बल्कि हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। आज मध्यप्रदेश स्वर्णिम राज्य बनने की ओर अग्रसर है।
कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल को खेल परिसर के रूप में बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री का सपना है कि साल 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र हो। हमें सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनने के लिए शहर और गांव का विकास करना होगा। युवाओं को सही दिशा दिखानी होगी। इस देश को हिट करने के लिए हमें फिट होना होगा। मुख्यमंत्री खेलों के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। खेलों में प्रदेश कभी 17 नंबर पर था, आज तीसरे नंबर पर है। अगले दो साल में हम देश के सबसे बेहतर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर वाला राज्य होंगे। हर विधानसभा में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भोपाल में क्रिकेट स्टेडियम सेंक्शन कर दिया है। हम भोपाल की हॉकी की चमक को वापस लेकर आएंगे।
समारोह में मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व अन्य अतिथियों ने एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से 9 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि के चेक भी सौंपे। समारोह में भारत, चीन, साउथ कोरिया, जापान, मलेशिया एवं थाईलैंड की टीमों ने मार्च पास्ट किया। कार्यक्रम को सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी ने भी संबोधित किया।
इस दौरान वरिष्ठ नेता कप्तानसिंह सोलंकी, मंत्री कृष्णा गौर, लखन पटेल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री व प्रदेश सत्कार प्रभारी राजेन्द्र सिंह राजपूत, प्रदेश सत्कार प्रभारी आलोक संजर, विधायक विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मानसिंह यादव, एशियन हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष व हॉकी इंडिया महासचिव भोला नाथ सिंह उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |