Advertisement
रायपुर, 22 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कार्यों में महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ये सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र बनेंगे। यहां महिलाएं एक साथ बैठकर संवाद कर सकेंगी और स्वरोजगार से जुड़ी पहल को आगे बढ़ा सकेंगी।
साथ ही मुख्यमंत्री ने तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इनसे ग्रामीणों को सामाजिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा।
पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया गया। पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से बनी सीसी सड़क का लोकार्पण भी हुआ। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। गांवों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है और अब महतारी सदनों से उन्हें सामाजिक व सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। ये सदन माताओं-बहनों के आगे बढ़ने, प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के केंद्र बनेंगे।
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |