Video

Advertisement


छत्तीसगढ़ पवेलियन में दिख रही हैं दुर्लभ पांडुलिपियां और ताम्रपत्र
व्यापार

 

रायपुर। नई दिल्ली में चल रहे 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन खास आकर्षण बना हुआ है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1,000 वर्ग मीटर में फैले पवेलियन में पुरातत्व विभाग ने दुर्लभ पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों की प्रदर्शनी लगाई है। ये धरोहरें आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी हैं।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 20 नवंबर को मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के लिए चर्चित प्रदेश आज अपनी जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं के साथ नई पहचान बना रहा है। पवेलियन में परंपरा और आधुनिकता का संगम देखने को मिल रहा है।

 

क्या-क्या है प्रदर्शनी में

 

रतनपुर के कल्चुरि काल की औषधीय पांडुलिपियां खूब तमाशा और नासकेत प्रदर्शित की गई हैं। रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव का 1735 ईस्वी का ताम्रपत्र भी रखा गया है। रानी दुर्गावती के युग की स्वर्णाक्षरित पांडुलिपि, रामायण विषयक पांडुलिपि और तुलसीदास की शिष्य परंपरा के सुषेनदास महाराज की पांडुलिपि भी आकर्षण का केंद्र हैं।

 

छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि मानी जाने वाली तवारीख-ए-हैहय राजाओं की भी प्रदर्शित है। इसे बाबू रेवाराम ने वर्ष 1858 में लिखा था। इसमें हैहय वंशी राजाओं के इतिहास की प्रामाणिक जानकारी मिलती है। ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के काल की मोड़ी लिपि में लिखी कर-संबंधी सनद भी प्रदर्शनी में है।

 

1913 के आसपास की हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी रखी गई है, जिसे पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर ने लिखा था। यह दस्तावेज प्रथम विश्वयुद्ध से पहले छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति, वस्तुओं के दाम और वित्तीय प्रबंधन की झलक देता है।

 

जेल से निकली पत्रिका भी है खास

 

भारत की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका मानी जाने वाली श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार पत्र की मूल प्रति भी प्रदर्शित की गई है। इसे पंडित सुंदरलाल शर्मा ने 1921-22 में रायपुर जेल में रहते हुए तैयार किया था। उन्होंने इसके कुल 6 अंक निकाले थे, जिनमें जेल की कठोर परिस्थितियों और कैदियों के साथ हुए दुर्व्यवहार का वर्णन है। दुर्लभ चित्रित पांडुलिपियां भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।

 

ज्ञान भारतम मिशन के तहत इन पांडुलिपियों की खोज, सूचीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण किया जा रहा है, ताकि यह विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचे।

 

45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर तक चलेगा। छत्तीसगढ़ पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है, जहां विरासत के साथ प्रदेश की कला, शिल्प, स्थानीय उत्पाद और विकास की संभावनाएं भी दिखाई गई हैं।

Kolar News 22 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.