Video

Advertisement


मध्यप्रदेश पुलिस ने साइबर ठगी में पीड़ित के 70 हजार रुपये वापस दिलाए, म्यूल खातों पर कसा शिकंजा
police

भोपाल। साइबर अपराधों के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इंदौर में पुलिस ने सोलर प्लांट में पार्टनरशिप के नाम पर ठगे गए 70 हजार रुपये पीड़ित को वापस दिलाए। वहीं ऑपरेशन MATRIX 2.0 के तहत इंदौर और खण्डवा में साइबर अपराधों में इस्तेमाल हो रहे तीन म्यूल बैंक खातों पर प्रकरण दर्ज किए गए।

 

इंदौर में सोलर प्लांट के नाम पर हुई थी ठगी

 

इंदौर के एक व्यक्ति को सोलर प्लांट का बिजनेस पार्टनर बनाने का झांसा देकर 70 हजार रुपये ठग लिए गए थे। आरोपियों ने उपकरण 33 हजार रुपये प्रति किलोवाट की दर से देने का वादा किया था। पीड़ित ने पार्टनरशिप शुल्क के रूप में 70 हजार रुपये जमा किए, लेकिन बाद में कंपनी ने 60 हजार रुपये प्रति किलोवाट की मांग कर दी। रकम वापस मांगने पर न उपकरण दिए गए, न पैसे लौटाए गए।

 

शिकायत पर क्राइम ब्रांच इंदौर ने बैंकों से समन्वय कर त्वरित कार्रवाई की और न्यायालय के आदेश से पूरी राशि पीड़ित को वापस दिलाई।

 

इंदौर में चार राज्यों की ठगी से जुड़ा म्यूल खाता पकड़ा गया

 

थाना कनाड़िया पुलिस ने I4C पोर्टल पर शिकायतों के विश्लेषण से एक म्यूल खाते की पहचान की। इस खाते से दिल्ली, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में दर्ज चार साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े लेन-देन हुए थे। खाताधारक महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

खण्डवा में दो म्यूल खातों पर कार्रवाई

 

खण्डवा पुलिस ने थाना कोतवाली और थाना छेगांव माखन क्षेत्र में साइबर अपराधों में इस्तेमाल हो रहे दो म्यूल खातों की पहचान की। इन मामलों में तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

म्यूल खाते क्या होते हैं

 

साइबर अपराधी पहचान छिपाने के लिए दूसरे लोगों के बैंक खातों को लालच देकर किराये पर लेते हैं या गुमराह कर उनका इस्तेमाल करते हैं। इन्हीं खातों को म्यूल खाते कहते हैं। ठगी की रकम इन्हीं खातों के जरिए घुमाई जाती है।

 

पुलिस की अपील

 

पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम, चेकबुक, इंटरनेट बैंकिंग या यूपीआई की जानकारी न दें। ऑनलाइन निवेश, डीलरशिप या पार्टनरशिप के प्रस्तावों की पहले जांच करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Kolar News 22 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.