Video

Advertisement


पशुपालकों को 56,000 करोड़ रुपये के सालाना नुकसान से बचाएगी बर्ड फ्लू की स्वदेशी वैक्सीन, भोपाल को मिली 300 करोड़ की अत्याधुनिक लैब की सौगात : शिवराज सिंह चौहान
shivraj singh chauhan

भोपाल। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की। इस गौरवशाली अवसर पर उन्होंने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की बड़ी घोषणा भी की।

 

चौहान ने कहा कि मात्र 1 से 2 रुपये की बेहद किफायती कीमत वाली यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन है। यह वैक्सीन देश के लाखों पोल्ट्री किसानों की आजीविका को सुरक्षित करने के साथ-साथ पशुपालन क्षेत्र को सालाना होने वाले हजारों करोड़ रुपये के नुकसान से बचाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद अब बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन बनाकर भारतीय वैज्ञानिकों ने नया इतिहास रचा है।

 

वैज्ञानिकों की तपस्या को सलाम करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वैज्ञानिकों ने छुट्टियां त्यागकर और रोज 120 लीटर पानी से नहाने जैसे कड़े प्रोटोकॉल अपनाकर यह वैक्सीन तैयार की है। पहले हमारे वैज्ञानिकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनी टास्क फोर्स के माध्यम से मात्र 9 महीने में कोविड की दो स्वदेशी वैक्सीन बनाकर दुनिया को चौंका दिया था और आज बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन बनाकर भारत के सामर्थ्य का लोहा मनवाया है।

 

भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान निषाद की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए चौहान ने कहा कि भोपाल का यह संस्थान आज भारत का कीर्ति स्तंभ बन गया है। उन्होंने बताया कि पहले इस वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना बन रही थी, लेकिन उन्होंने तय किया कि जिन वैज्ञानिकों ने भोपाल में दिन-रात एक करके इसे बनाया है, उन्हीं के बीच और भोपाल की जनता के सामने इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

 

पशुपालन और पोल्ट्री सेक्टर को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम हैं, जो खेती के साथ हर महीने नियमित आमदनी देते हैं। देश के सकल घरेलू उत्पाद में पशुपालन का 14 प्रतिशत और पोल्ट्री का 1 प्रतिशत योगदान है।

 

उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि खुरपका-मुँहपका रोग से औसतन 22,000 करोड़ रुपये, लंपी वायरस से 20,000 करोड़ रुपये, ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और भेड़-बकरियों की बीमारी पीपीआर से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान होता था। इस तरह कुल 56,000 करोड़ रुपये का भारी नुकसान देश और किसानों को झेलना पड़ता था, जिससे अब स्वदेशी टीकों के माध्यम से देश को बचाने का पुण्य कार्य हो रहा है।

Kolar News 20 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.