Video

Advertisement


युवा लाते हैं देश और समाज में परिवर्तन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर में यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 समारोह में युवाओं से संवाद किया। उन्होंने यंग थिंकर्स एवं सुधिजनों को देवोत्थान एकादशी (तुलसी विवाह) की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा ही देश और समाज में परिवर्तन लाते हैं। यह समय सबके जागने और समाज को जगाने का भी है।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज के दौर में भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यह हमारी पूंजी भी है, लेकिन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति फोकस्ड होने और प्रतिस्पर्धियों से आगे निकलने के लिए खुद को योग्य बनाना होगा। इसके लिए युवाओं को सही दिशा दिखाने की आवश्यकता है। यंग थिंकर्स कन्फ्लुअंस-2026 का उद्देश्य भी यही है।

 

उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय आयोजन में भारतीय ज्ञान परम्परा, दर्शन सहित 300 से अधिक विषयों पर वैचारिक मंथन होगा। देश भर से पंजीयन और चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए युवाओं के विचारों का यह संकलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को सिद्ध करेगा। ग्वालियर के लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में आयोजित इस आयोजन के आठवें संस्करण में देश के 26 राज्यों से चयनित लगभग 350 युवा विद्वान, अचीवर्स, कलाकार और लेखक भाग ले रहे हैं। समारोह में मुख्यमंत्री ने लेखक श्रीकृष्ण श्रीवास्तव द्वारा लिखित 'अल्लामा इक़बाल के दो चेहरे' नामक पुस्तक का विमोचन भी किया।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की असीम ऊर्जा, योग्यता, कौशल, हुनर, नवाचारी सोच और कार्य दक्षता का उपयोग मध्यप्रदेश के विकास में करने के लिए युवाओं को हरसंभव अवसर उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष को युवा वर्ष घोषित किया गया है। युवा वर्ष में योजनाबद्ध रूप से प्रयासों को और भी गति दी जाएगी।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की विविधताओं से परिपूर्ण संस्कृति में वसुधैव कुटुम्बकम का भाव है। हमारी संस्कृति सबको जोड़ती है। यही कारण है कि भारतीय संस्कृति का प्रभाव संयुक्त राष्ट्र संघ के निर्णयों पर भी प्रायः दिखाई देता है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता देना भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव का सबसे बड़ा उदाहरण है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राचीन कालगणना के आधार पर वैदिक घड़ी विकसित की है, जो आगामी सिंहस्थ महाकुंभ में श्रद्धालुओं को वैदिक रूप से समय बताएगी।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026' आयोजन स्थल पर मंदिर स्थापत्य, बंगाल नरसंहार और भारतीय विचारकों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही पुस्तक मेले का भी शुभारंभ किया और विभिन्न प्रकाशकों के स्टॉलों पर पहुंचकर ज्ञानवर्धक पुस्तकें खरीदीं।

Kolar News 20 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.