Advertisement
नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी समारोहों के समापन कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि देश के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों को विश्वस्तरीय संस्थानों के रूप में विकसित होना चाहिए। इससे न केवल भारत को ग्लोबल नॉलेज सुपरपावर बनाने के राष्ट्रीय विजन को साकार करने में मदद मिलेगी, बल्कि उच्च शिक्षा के लिए देश और विदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थी भी इन संस्थानों की ओर आकर्षित होंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान भारत विश्व की सबसे तेजी से विकास करने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है। इस अवधि में देश में बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, डिजिटल क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिले हैं और वित्तीय समावेशन तथा सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। स्टार्टअप के लिए अनुकूल इकोसिस्टम तैयार हुआ है और व्यापार करने की सुगमता को उच्च प्राथमिकता दी गई है। साथ ही यह सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से प्रभावी कल्याणकारी उपाय लागू किए गए हैं कि कोई भी लक्षित लाभार्थी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में लगभग 50 करोड़ देशवासी अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। अनिश्चितताओं और संघर्षों से घिरे वैश्विक माहौल की तमाम चुनौतियों के बावजूद ये उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज के विद्यार्थी सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें भारतीय अर्थव्यवस्था की इस मजबूती और सफलता को देखने तथा उससे सीखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी इस सीख का उपयोग देश की विकास यात्रा को और तेज करने के लिए करेंगे।
राष्ट्रपति ने आगे कहा कि भारत नई ऊर्जा और नई दृष्टि के साथ वैश्विक मंच पर अपनी आर्थिक भूमिका का विस्तार कर रहा है। हमारे युवा ही हमारे महत्वाकांक्षी प्रयासों को आगे बढ़ाएंगे, लेकिन महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे पास विश्व में युवा प्रतिभाओं का सर्वश्रेष्ठ पूल है, जो श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स जैसे महाविद्यालयों से परिलक्षित होता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत का, भारत द्वारा और भारत के लिए वह दृष्टिकोण है, जिसके आधार पर हमारे युवाओं को अपनी आकांक्षाओं और भूमिकाओं को परिभाषित करना चाहिए। इस संदर्भ में भारत द्वारा का तात्पर्य यह है कि समाज और संस्थाओं ने विद्यार्थियों की क्षमताओं के विकास में योगदान दिया है। इसलिए समाज और देश के प्रति उनका विशेष दायित्व है।
राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के विद्यार्थी परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर रहे हैं और शीर्ष स्थान हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से यह उम्मीद की जा सकती है कि वे इसका उदाहरण प्रस्तुत करेंगे कि कैसे धन-सृजन से राष्ट्र-निर्माण होता है। वे स्वयं तो अच्छा करें ही, साथ ही विशेष रूप से वंचित वर्गों के लिए भी अवसरों का सृजन करें, भारतीय जीवन-मूल्यों से जुड़े रहते हुए विश्वस्तरीय उत्कृष्टता प्राप्त करें, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों का उपयोग संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ करें तथा समानुभूति, नैतिकता और सदाचार के साथ पेशेवर उत्कृष्टता की ओर बढ़ें।
राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि एसआरसीसी परिवार के सदस्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण तथा उसके बाद भी देश की गौरवशाली विकास यात्रा में निरंतर योगदान देते रहेंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |