Video

Advertisement


क्राइम ब्रांच की दबिश में एमडी तस्कर महिला गिरफ्तार
police

 

भोपाल। शहर में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त भोपाल संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला द्वारा आरोपियों की धरपकड़ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उक्त निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त अपराध अनिल पाटे एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान तथा सहायक पुलिस आयुक्त चन्द्रभान सिंह चढार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच अशोक मरावी और उनकी टीम को शहर में अवैध मादक पदार्थों के तस्करों की तलाश और पतारसी में लगाया गया था।

 

भोपाल शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना क्राइम ब्रांच भोपाल द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना क्राइम ब्रांच की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी, जिसमें अवैध मादक पदार्थ एमडी की तस्करी करने वाली एक महिला आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

 

विश्वसनीय मुखबिर ने थाना क्राइम ब्रांच में उपस्थित होकर सूचना दी कि वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास एक संदिग्ध महिला खड़ी है। मुखबिर ने यह भी बताया कि उक्त महिला अपने पास अवैध मादक पदार्थ एमडी रखे हुए है और किसी ग्राहक को इसकी डिलीवरी देने के लिए वहां पहुंची है। सूचना में यह आशंका भी जताई गई कि यदि समय रहते तत्काल घेराबंदी कर उसे नहीं पकड़ा गया, तो वह मादक पदार्थ बेचकर निकल जाएगी या कहीं इधर-उधर कर देगी।

 

सूचना को अत्यंत विश्वसनीय मानते हुए तत्काल टीम रवाना होकर वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास पहुंची। पुलिस टीम को बताए हुए हुलिए से मिलती-जुलती एक महिला खड़ी दिखाई दी। पुलिस स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर महिला को पकड़ा और पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम साजिया आलम पिता स्व. मेहमूद आलम उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी बेगमगंज चमनगंज, थाना आर्य नगर, कानपुर उत्तर प्रदेश एवं वर्तमान निवासी इंद्र विहार कॉलोनी, लालघाटी, थाना कोहेफिजा भोपाल बताया।

 

संदेहिया साजिया आलम की तलाशी ली गई, तो उसने अपने गले में डले दुपट्टे की एक गांठ खोलकर एक पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी दी। पन्नी में रखे पीले रंग के पाउडरनुमा पदार्थ के बारे में पूछने पर आरोपी महिला ने इसे अवैध मादक पदार्थ एमडी होना स्वीकार किया। मादक पदार्थ का कुल वजन 4.66 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से जप्त एमडी ड्रग्स के साथ-साथ तस्करी के नेटवर्क और सप्लायरों की जानकारी खंगालने के लिए आरोपी का मोबाइल फोन भी जप्त किया है।

 

आरोपी साजिया आलम के विरुद्ध थाना क्राइम ब्रांच में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है और मामले की अग्रिम विवेचना जारी है। आरोपी एमए शिक्षित है और पत्रकारिता से जुड़ी बताई गई है।

 

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजकिशोर मिश्रा, उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, उपनिरीक्षक चन्द्रमोहन मिश्रा, आरक्षक बृजमोहन व्यास, आरक्षक निलेश वर्मा, आरक्षक विजय सेंगर, आरक्षक धीरेन्द्र यादव, आरक्षक रणधीर सिंह, महिला आरक्षक पूजा यादव और महिला आरक्षक मुस्कान लामा की सराहनीय भूमिका रही।

Kolar News 18 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.