Advertisement
भोपाल। भोपाल शहर में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने, संपत्ति संबंधी अपराधों में शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने, फरार आरोपियों की धड़पकड़ करने और लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण के लिए पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला द्वारा लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। इन्हीं निर्देशों के अनुक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-03 आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-03 विक्रम अहिरवार और सहायक पुलिस आयुक्त हनुमानगंज संभाग अरविंद सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी मंगलवारा निरीक्षक अजय कुमार सोनी ने बसों में अवैध वसूली करने वाले आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की थी। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को थाना मंगलवारा पुलिस टीम ने अवैध वसूली करने वाले शातिर बदमाश आरोपी यासीन मजिस्ट्रेट को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 16 नवंबर 2026 को फरियादी अनवर खान ने थाना मंगलवारा में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि जवाहर चौक से मंडीदीप रूट पर चलने वाली बसों से यासीन मजिस्ट्रेट, नसीम ब्रेकर, शानू और शादाब नाम के बदमाश प्रतिदिन डरा-धमकाकर रुपयों की वसूली करते हैं। जब वसूली का विरोध किया जाता है तो आरोपी गालियां देते हैं, मारपीट करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं, जिससे बस संचालकों और चालकों में भय का वातावरण बना हुआ था। फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 181/26, धारा 119(1), 296(ए), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपियों की धड़पकड़ के लिए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर उनकी तलाश शुरू की गई। टीम द्वारा लगातार किए गए अथक प्रयासों, मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचना और क्षेत्र में की गई सतत निगरानी के फलस्वरूप महज 12 घंटों के भीतर मुख्य आरोपी मोहम्मद यासीन मजिस्ट्रेट, पिता मोहम्मद रईस रेडियो, उम्र 27 वर्ष, निवासी इंद्रा पुलिस चौकी के सामने, टीलाजमालपुरा, हाल पता बरखेड़ी जहांगीराबाद, भोपाल को 18 नवंबर 2026 को घेराबंदी कर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बहुत शातिर और चालाक किस्म का बदमाश है, जिसके विरुद्ध पूर्व से भोपाल शहर के विभिन्न थानों में करीब 30 अपराध पंजीबद्ध हैं। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों को लेकर पुलिस द्वारा विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा उसके अन्य साथियों की तलाश भी जारी है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अजय कुमार सोनी थाना प्रभारी मंगलवारा, उपनिरीक्षक अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक अब्दुल वहीद अंसारी, आरक्षक 2993 सतीश कुमार, आरक्षक 4617 शुभम परमार, आरक्षक 4522 ब्रजेश रावत और आरक्षक 2375 सूरज जामौरिया की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध वसूली करने वाले असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण बना है और आम नागरिकों तथा बस संचालकों में सुरक्षा की भावना को बल मिला है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |