Advertisement
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया विभाग की बैठक को संबोधित किया। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिवप्रकाश ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। जनता सड़क पर अराजकता फैलाने वालों की मानसिकता समझती है और चुनाव में इसका जवाब देगी। विपक्षी दल गलत नैरेटिव बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाते हैं। इसलिए भाजपा मीडिया विभाग के सभी साथी तथ्यों के साथ विपक्ष के झूठ का पर्दाफाश कर जनता तक सच्चाई पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से देश में अद्वितीय कार्य किए गए हैं। सभी क्षेत्रों में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है। मीडिया विभाग के साथी केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाकर यह बताया जाए कि भाजपा सरकार ही विकास कर सकती है।
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित दल है। पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और आगे बढ़ाने के लिए मीडिया विभाग और मजबूती के साथ कार्य करें। मीडिया विभाग पार्टी का चेहरा होता है। सभी साथी सरकार के कार्यों और संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को सशक्त बनाएं।
उन्होंने कहा कि साथी विषयों का पूरा अध्ययन कर पार्टी का पक्ष जनता तक पहुंचाएं। विपक्ष झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास करता है, लेकिन हमें तथ्यों के साथ उनके मनगढ़ंत आरोपों और झूठे नैरेटिव का पर्दाफाश करना है। केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं को आंकड़ों के साथ जनता को बताएं कि भाजपा विकास की राजनीति करती है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने किया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |