Advertisement
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंदसौर जिले के गांधीसागर में आयोजित डेस्टिनेशन कैबिनेट के अवसर पर ईको टूरिज्म विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। 40.50 करोड़ रुपये की लागत से यहां पांच परियोजनाएं विकसित होंगी, जिनसे पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधीसागर समृद्ध जलराशि, प्राकृतिक सौंदर्य और अनंत पर्यटन संभावनाओं से जुड़ा क्षेत्र है। यहां बनने वाली टेंट सिटी और इको टूरिज्म गतिविधियों से पर्यटन को नई गति मिलेगी। यह क्षेत्र चीता प्रोजेक्ट सहित विभिन्न वन्यजीवों और पक्षियों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि गांधीसागर डेस्टिनेशन कैबिनेट प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगी। शिलान्यास से पहले मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने चंबल नदी के तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
परियोजना के तहत मालासरी टापू पर टेंटिंग यूनिट, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर और जल क्रीड़ा सुविधाएं विकसित होंगी। ग्राम कनघट्टी में टेंटिंग, वॉटर स्पोर्ट्स, बोट क्लब और 20 कमरों का रिसॉर्ट बनेगा। पर्यटकों के लिए 135 नए आवासीय कमरे भी तैयार किए जाएंगे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |