Advertisement
नई दिल्ली। भारत-बेलारूस व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर अंतर-सरकारी आयोग का 12वां सत्र सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित किया गया। सत्र की सह-अध्यक्षता वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव ने की। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की और व्यापार, आर्थिक एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।
बैठक में उद्योग, बैंकिंग, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, औषधि, स्वास्थ्य, पर्यटन, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और निर्माण क्षेत्र में सहयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। दोनों देशों ने वर्ष 2027 से 2031 के लिए सहयोग के रोडमैप पर भी चर्चा की।
जितिन प्रसाद ने कारोबारी समुदाय को संबोधित करते हुए संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी साझेदारी और निवेश के अवसर तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने औषधि, कृषि मशीनरी, इंजीनियरिंग, रसायन और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया।
सत्र के साथ भारत-बेलारूस व्यापार एवं निवेश मंच का भी आयोजन किया गया, जिसमें दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों, उद्योग संघों और कंपनियों ने भाग लिया। इसमें संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई और आयोग का 13वां सत्र वर्ष 2027 में आयोजित करने का निर्णय लिया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |