Advertisement
कटक। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को ओडिशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में आइकॉनिक टॉवर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विश्वविद्यालय के संस्थापक श्री श्री रविशंकर उपस्थित रहे।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस टॉवर का उद्घाटन केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं है, बल्कि यह दूरदर्शी सोच, शिक्षा के दर्शन, भारत की सांस्कृतिक विरासत और देश के भविष्य को आकार देने की प्रतिबद्धता का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि श्री श्री विश्वविद्यालय गुरुदेव श्री श्री रविशंकर की दूरदृष्टि का साकार रूप है। वर्ष 2012 में शुरू हुए इस विश्वविद्यालय की स्थापना इस विचार के साथ की गई थी कि वास्तविक शिक्षा व्यक्ति के चरित्र, चेतना और करुणा का विकास करे। शिक्षा को युवाओं को न केवल अकादमिक सफलता, बल्कि समाज में सार्थक योगदान और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी तैयार करना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने पिछले एक दशक में उच्च शिक्षा क्षेत्र में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में विश्वविद्यालयों की संख्या वर्ष 2014-15 में 760 थी, जो अब बढ़कर 1400 से अधिक हो गई है। आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23, आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 और एम्स की संख्या 7 से बढ़कर 20 हो गई है। उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का नामांकन 3.42 करोड़ से बढ़कर 4.50 करोड़ से अधिक हो गया है।
राधाकृष्णन ने ओडिशा के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों से जनजातीय बच्चों के लिए स्कूल कनेक्ट कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया, ताकि उनकी पढ़ाई बीच में न छूटे और वे उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित हों।
उन्होंने कहा कि भारत को इतना मजबूत और सक्षम बनना होगा कि कोई भी देश उस पर अपनी शर्तें न थोप सके। विद्यार्थियों से उन्होंने राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत को सर्वोपरि रखने और नशे को ना कहने का आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति ने विश्वविद्यालय के नवनिर्मित टॉवर में अत्याधुनिक तारामंडल का भी अवलोकन किया, जो विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने का माध्यम है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |