Advertisement
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को पुराना बस स्टैंड परिसर में प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। लगभग 12.60 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी हो सकेंगी।
इससे पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या दूर होगी और यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी। सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बढ़ते शहरीकरण के साथ पार्किंग की चुनौती का समाधान आधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। सीमित जगह में अधिकतम सुविधा देने वाली यह परियोजना स्मार्ट शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण है।
भूतल सहित पांच मंजिला पार्किंग भवन में पहली से चौथी मंजिल तक प्रत्येक तल पर 20 कारों की पार्किंग की व्यवस्था है। भूतल पर वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
पार्किंग की विशेषता यह है कि चालक को कार भूतल पर खड़ी कर बाहर आना होगा। इसके बाद स्वचालित प्रणाली कार को ऊपर के तल तक पहुंचाएगी और शटल रोबोटिक उपकरण उसे खाली स्लॉट में खड़ा कर देगा। कार वापस लेने पर प्रणाली उसे भूतल के निकास बे तक पहुंचा देगी।
परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप और स्वचालित निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |