Advertisement
बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ किया। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर स्वयं धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। इस अवसर पर किसानों ने धान से मुख्यमंत्री का तुलादान कर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और किसानों की सुविधा के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। राज्य में अब धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या लगभग 3100 हो गई है।
साय ने कहा कि अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर आदान सहायता की पूरी राशि दी जाएगी। कई बार मौसम या कम उत्पादन के कारण किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते। ऐसी स्थिति में भी पात्र किसानों को आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो उसे शेष 6 क्विंटल के समतुल्य आदान सहायता का लाभ भी मिलेगा। इस प्रकार पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्राप्त होगी।
सेंदरी सेवा सहकारी समिति में पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान की खरीदी हुई। खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल और संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान खरीदा गया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |