Video

Advertisement


जनजातीय गौरव दिवस पर बोले मुख्यमंत्री, कहा- विरासत का संरक्षण और सर्वांगीण विकास सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री साय

 

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और संस्कृति की रक्षा का इतिहास है। जनजातीय नायकों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना है।

साय सोमवार को बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने लगभग 120 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

 

उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय समाज ने 1857 की क्रांति से पहले ही संघर्ष शुरू कर दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान लोगों की सहायता की और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। ऐसे नायकों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

 

उन्होंने कहा कि पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय अंचलों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

 

शिक्षा पर जोर देते हुए साय ने कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है।

 

समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई और जनजातीय नायकों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

Kolar News 16 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.