Advertisement
भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशों के क्रम में रायसेन गल्ला मंडी में व्यापारी के कार्यालय में मुनीम पर जानलेवा हमला कर लाखों रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन चंद्रशेखर सोलंकी और पुलिस उप महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन वीरेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में लूटी गई राशि में से 4 लाख रुपये, घटना के दौरान पहने गए कपड़े, जूते, लोहे का कटर, पेचकस और सब्बल जब्त किए गए हैं। विवेचना में सामने आया कि वारदात की साजिश व्यापारी के ही एक कर्मचारी ने अपने साथी के साथ मिलकर रची थी।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की रात अज्ञात आरोपियों ने रायसेन गल्ला मंडी स्थित व्यापारी के कार्यालय और गोदाम में प्रवेश कर वहां सो रहे मुनीम के साथ मारपीट की। आरोपियों ने मुनीम के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर सिर पर गंभीर प्रहार किए और कार्यालय में रखी लगभग 10 से 15 लाख रुपये की नगदी लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मुनीम को जिला अस्पताल रायसेन में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया। घटना की सूचना पर थाना कोतवाली रायसेन में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसेन दीपक नायक के नेतृत्व में रेंज और जिला स्तर पर पांच एसडीओपी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की। रेंज स्तरीय फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 500 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही जिले के 300 से अधिक हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर दो संदिग्धों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई राशि में से 4 लाख रुपये नगद जब्त किए।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने लगभग 6 माह पहले ही वारदात की योजना बनाना शुरू कर दिया था। मंडी में सीजन के दौरान अधिक नगदी रहने की जानकारी के आधार पर वारदात का समय तय किया गया। घटना की रात दोनों आरोपी योजनाबद्ध तरीके से मंडी स्थित कार्यालय पहुंचे। अंदर प्रवेश के लिए ताले और वेंटिलेशन की जाली तोड़ी और खिड़की के रास्ते अंदर जाने का प्रयास किया। मुनीम के जागने पर उसे चुप कराने के दौरान आरोपियों ने उसके सिर पर ईंट से प्रहार किया। इसके बाद सब्बल की मदद से अलमारी तोड़कर नगदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
आरोपियों ने पहचान छिपाने और पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वारदात से पहले और बाद मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर काली टेप लगाई, चेहरे ढंककर रखे और घटनास्थल तक पहुंचने और वापस लौटने के लिए मुख्य मार्गों के बजाय अंदरूनी और घुमावदार रास्तों का उपयोग किया। सामान्य मोबाइल कॉल के स्थान पर टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क किया तथा रास्ते में कपड़े और जूते भी बदले। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के समन्वित विश्लेषण से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |