Advertisement
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और नई तकनीकों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करना जरूरी है। इसके लिए राष्ट्रीय अलाइड एंड हेल्थकेयर आयोग (एनसीएएचपी) से अनुमोदित पाठ्यक्रम इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ किए जाएं।
बैठक में इन पाठ्यक्रमों के संचालन और संस्थाओं में प्रवेश की प्रगति की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अलाइड एंड हेल्थकेयर क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। उन्होंने पाठ्यक्रमों के प्रभावी संचालन और तय समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती की पूरी प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक पूर्ण की जाए। अधिकारियों ने बताया कि भर्ती शुरू हो चुकी है और 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद जिला स्तर पर चयन और नियुक्ति की कार्रवाई समय पर पूरी करनी होगी।
चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर भर्ती की समीक्षा में उप मुख्यमंत्री ने प्रतीक्षा सूची से चयन और नियुक्ति की कार्रवाई नियमानुसार शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता विभाग की प्राथमिकता है, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
बैठक में सिविल अस्पतालों में डायलिसिस मशीनों की उपलब्धता और सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने डायलिसिस सेवाओं और एम्बुलेंस संचालन से संबंधित नई टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
नर्सिंग और फार्मासिस्ट नियुक्ति से जुड़े मामलों पर उप मुख्यमंत्री ने नर्सिंग काउंसिल को उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप विद्यार्थियों की शिफ्टिंग संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के पदों पर नियुक्ति में उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार गणित संकाय के अभ्यर्थियों को सम्मिलित करने की कार्रवाई भी करने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय योजनाओं, भर्ती प्रक्रियाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्य तय समय में पूरे किए जाएं। इसके लिए अधिकारी नियमित समीक्षा कर कार्यों में गति और समन्वय बनाए रखें।
बैठक में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा रश्मि अरुण शमी, आयुक्त धनराजू एस., अलाइड काउंसिल के अध्यक्ष विजय कुमार और सचिव शेलोज जोशी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |