Advertisement
भोपाल। आयुक्त संकेत भोंडवे ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को आगामी ग्रीष्मकाल से पहले पेयजल की पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जुलाई 2027 तक शहरों में पर्याप्त और नियमित पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना निकायों की मुख्य जिम्मेदारी है।
वीसी के माध्यम से हुई बैठक में आयुक्त ने कहा कि हर नगरीय निकाय अपने जल स्रोतों की स्थिति, उपलब्ध पानी की मात्रा और आपूर्ति के समय का आकलन कर एक व्यवस्थित कार्ययोजना बनाए। इसका उद्देश्य यह है कि गर्मी के मौसम में किसी भी शहर में पानी का संकट खड़ा न हो।
बैठक में पाइपलाइन लीकेज रोकने और जल स्रोतों के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइनों की तुरंत मरम्मत कराने, सार्वजनिक नलों में टोंटी लगाने और हैंडपंपों की मरम्मत करने के निर्देश दिए। इससे बर्बाद होने वाले पानी को रोका जा सकेगा। साथ ही बांध, जलाशय और नदियों जैसे सतही जल स्रोतों का प्राथमिकता से उपयोग करने को कहा गया।
आयुक्त ने कहा कि जिन इलाकों में मौजूदा जल स्रोतों में पानी घटने की आशंका है, वहां अभी से वैकल्पिक जल स्रोत चिन्हित किए जाएं। जरूरत पड़ने पर निजी जल स्रोतों के अधिग्रहण की प्रक्रिया जिला कलेक्टर के माध्यम से समय रहते पूरी की जाए। यदि जल संकट उत्पन्न होता है, तो निकाय के अपने या अधिग्रहित स्रोतों से पानी पहुंचाने के लिए निकाय के टैंकरों का ही उपयोग किया जाए।
जिन निकायों में जलप्रदाय योजनाओं का काम पूरा हो चुका है, वहां जल वितरण की निगरानी के लिए स्काडा प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा उपलब्ध पानी के व्यवस्थित वितरण के लिए SOP तैयार करने, मशीनरी को चालू रखने, आवश्यक सामग्री का स्टॉक रखने और छोटे लंबित कार्यों को तुरंत पूरा करने को कहा गया।
सभी नगरीय निकायों को अपनी कार्ययोजना और संबंधित जानकारी 10 दिन के भीतर संभागीय स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जल संरक्षण को लेकर आयुक्त ने कहा कि पानी बचाना केवल निकायों का काम नहीं है, यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। लोगों को चाहिए कि वे जरूरत के अनुसार ही पानी का उपयोग करें, नल खुला न छोड़ें, लीकेज तुरंत ठीक कराएं और वर्षा जल संचयन को अपनाएं।
निकायों को वार्ड स्तर पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्कूलों और जनप्रतिनिधियों को जोड़कर जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल संरक्षण लोगों की आदत और सामूहिक संकल्प बन सके।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |