Advertisement
ओरछा। जिला प्रशासन ने ओरछा स्थित श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला तोड़े जाने, बिना निर्धारित प्रक्रिया के खजाना खोले जाने तथा किसी प्रकार की अनियमितता किए जाने संबंधी विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों का स्पष्ट खंडन किया है। प्रशासन ने कहा है कि ये समाचार पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन और वास्तविकता से परे हैं। प्रशासन के अनुसार वस्तुस्थिति यह है कि खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण पूरी तरह विधिवत प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया। इस दौरान न तो ताले को कोई क्षति पहुंचाई गई और न ही उसके साथ किसी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप किया गया। खजाने का ताला पूर्ववत सुरक्षित है तथा खजाने में रखी किसी भी सामग्री के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।
उल्लेखनीय है कि श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का अंतिम सत्यापन वर्ष 2017 में किया गया था। वर्ष 2017 तक की संधारित सामग्री निर्धारित व्यवस्था के तहत डबल लॉक में सुरक्षित रखी गई है। वर्ष 2017 के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में अर्पित की गई नई सामग्री एवं बहुमूल्य वस्तुओं का अलग से रिकॉर्ड तैयार किया जाना तथा उसका विधिवत सत्यापन एवं पंजीयन किया जाना आवश्यक था। इसी उद्देश्य से नई सामग्री का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान कर उसका अद्यतन विवरण तैयार करने के लिए यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस कार्यवाही का उद्देश्य मंदिर की संपत्ति का उचित संरक्षण, नई प्राप्त सामग्री का प्रमाणिक रिकॉर्ड तैयार करना तथा संपूर्ण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
खजाने के सत्यापन की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर एवं श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष जमुना भिंडे द्वारा विधिवत आदेश जारी कर छह सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है। समिति ने बैठक के पश्चात खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी सत्यापन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता तथा कार्ययोजना का आकलन करना था।
प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान संपूर्ण कार्यवाही की निरंतर वीडियोग्राफी की गई। साथ ही विधिवत पंचनामा भी तैयार किया गया। यह संपूर्ण प्रक्रिया मंदिर के प्रधान पुजारी रामाकांत दीक्षित के समक्ष संपन्न कराई गई। इस दौरान तहसीलदार ओरछा, जो मंदिर प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक भी हैं, उपस्थित रहे। निरीक्षण के पश्चात कक्ष को विधिवत बंद कर ताले को पूर्ववत सुरक्षित रखा गया।
वर्तमान में ओरछा में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मंदिर की नियमित व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। खजाने का विस्तृत सत्यापन आवश्यक तैयारियों और अनुकूल समय निर्धारित कर गठित जांच दल के माध्यम से विधिवत कराया जाएगा।
मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न डिजिटल एवं ऑनलाइन सुविधाएं भी प्रारंभ की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड एवं बारकोड के माध्यम से गूगल पे, फोनपे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान की व्यवस्था की गई है। राजभोग, प्रसाद एवं पोशाक की रसीद एवं बुकिंग ऑनलाइन उपलब्ध है। मंदिर में प्राप्त होने वाली चढ़ोतरी एवं दान को भी डिजिटल भुगतान व्यवस्था से जोड़ा गया है।
मंदिर के भुगतानों को पहले ही ऑनलाइन किया जा चुका है। अब आय-व्यय एवं अन्य अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है। नियमित रूप से होने वाले दान राशि के सत्यापन, प्रविष्टि एवं रिकॉर्ड संधारण को भी डिजिटल प्रणाली से और अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक प्राप्ति एवं लेन-देन का प्रमाणिक रिकॉर्ड उपलब्ध कराना तथा सत्यापन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है।
जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया है कि श्रीरामराजा मंदिर की संपत्ति एवं श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान की सुरक्षा, उचित अभिलेखीय संधारण और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। खजाने के कक्ष का निरीक्षण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया है। अतः ताला तोड़ने, अनधिकृत रूप से खजाना खोलने अथवा किसी प्रकार की अनियमितता किए जाने संबंधी प्रकाशित समाचार पूर्णतः भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं। आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील है कि अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |