Video

Advertisement


ब्यौहारी में 357 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, शहडोल को मिलेगा इंडस्ट्रियल पार्क
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

 

शहडोल। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को ब्यौहारी में जनजातीय गौरव सप्ताह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 10 कार्यों का लोकार्पण और 72 कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने 25 वर्ष की उम्र में ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में उनकी जयंती 15 नवंबर को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। आजादी के बाद की सरकारों ने जनजातीय नायकों के योगदान को नजरअंदाज किया, वर्तमान सरकार उन्हें सम्मान दे रही है।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया और जनजातीय संस्कृति व वीरता पर आधारित प्रदर्शनी देखी। उन्होंने हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र, स्वरोजगार योजना में 20 लाख रुपये, वनाधिकार पत्र और आजीविका मिशन के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किए।

 

मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं कीं। कटनी से सिंगरौली तक फोरलेन सड़क बनेगी। ब्यौहारी में 10 करोड़ रुपये से 18 किलोमीटर मुख्य सड़क और हनुमान मंदिर तक 13 करोड़ रुपये की सड़क को मंजूरी दी गई। शहडोल में डिजिटल लाइब्रेरी, आधुनिक ऑडिटोरियम और संजय टाइगर रिजर्व के लिए नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि शहडोल में नए इंडस्ट्रियल पार्क का जल्द भूमिपूजन होगा। अगले महीने 4000 करोड़ रुपये की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। सरकार अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती कर चुकी है और आगे 2 लाख नए पदों पर नियुक्तियां होंगी।

 

जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में डेढ़ हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ा है और बिजली के क्षेत्र में मध्यप्रदेश सरप्लस राज्य बन गया है।

Kolar News 16 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.