Video

Advertisement


हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है राज्य सरकार: मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

 

खंडवा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के विकास और कल्याण के लिए संकल्पित है। जनजातीय समाज का गौरव, स्वाभिमान, संस्कृति और आत्मनिर्भरता सरकार की विशेष प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके कल्याण, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उनकी सहज जीवनशैली, गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। आत्मनिर्भर होना विकास की पहली सीढ़ी है। जनजातीय समाज अपनी परंपराओं को सहेजते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कौशल विकास के अवसरों से जुड़े और नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे, यही संकल्प है।

 

सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री ने नगर निगम खंडवा के 16.97 करोड़ रुपये की लागत से बने नवनिर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि खंडवा में दादाजी धूनीवाले के समाधि स्थल को भव्य स्वरूप दिया गया है, वहीं ओंकारेश्वर में 2500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हो रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीर नायकों का योगदान अतुलनीय रहा है, लेकिन इतिहास में उन्हें अपेक्षित स्थान नहीं मिला। सरकार ने इन नायकों के सम्मान में गौरव दिवस, स्मारक और उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने के साथ उनकी कर्मस्थली में कैबिनेट बैठकें करने का निर्णय लिया है। वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान में जबलपुर और सिंग्रामपुर में तथा राजा भभूत सिंह की स्मृति में पचमढ़ी में कैबिनेट बैठक की जा चुकी है। रानी दुर्गावती के नाम पर कोदो कुटकी प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। जनजातीय महापुरुषों के नाम पर विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज भी खोले जा रहे हैं।

 

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में अंग्रेजी हुकूमत के दमनकारी कानूनों के विरुद्ध संघर्ष कर राष्ट्र के लिए जीवन बलिदान कर दिया। मातृभूमि की मिट्टी, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजों से लड़कर उन्होंने पूरे देश को प्रेरणा दी। ऐसे वीर नायक की जयंती पर प्रदेश में तीन दिन राज्यस्तरीय कार्यक्रम और एक सप्ताह तक जिलों, महाविद्यालयों, छात्रावासों और सार्वजनिक स्थलों पर 1500 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा के जल से खंडवा में सिंचाई सुविधाओं का विकास हो रहा है। यहां के किसानों द्वारा उगाई मिर्च देश दुनिया में पहचान रखती है। प्रदेश में सिंचाई, बिजली, पानी, सड़क और सांदीपनि विद्यालयों के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। बिजली उत्पादन अब 32 हजार मेगावॉट तक पहुंच गया है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाकर अगले दो वर्ष में 52 करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

उन्होंने कहा कि युवा कल्याण के लिए 85 हजार शासकीय पदों पर भर्ती की गई है। वर्ष 2027 युवा वर्ष होगा और अगले साल एमपी पीएससी की परीक्षा दो बार कराई जाएगी। दो लाख नए पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना में 25 गाय या भैंस के साथ डेयरी शुरू करने पर हितग्राहियों को 13 लाख से अधिक का अनुदान दिया जाएगा। प्राकृतिक खेती के साथ एक या दो गाय रखने वाले किसान को 1000 रुपये महीना सहायता मिलेगी।

 

जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों को अधिकारी बनाने के लिए इंदौर में विशेष प्रशिक्षण पैकेज के तहत 20 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। अगले साल से 100 युवकों और 100 युवतियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Kolar News 16 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.