Video

Advertisement


समाज को मार्गदर्शन देने का काम संत करते हैं: मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

इंदौर। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को क्लर्क कॉलोनी स्थित दिगंबर जैन मंदिर में जैन मुनि सुधाकर सागर के सानिध्य में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि संतों के दर्शन से भाग्य का उदय होता है और समाज को मार्गदर्शन देने का कार्य संत करते हैं।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि संतों की वाणी सुनने का अवसर मिलना परम सौभाग्य है। इससे केवल शब्द ही नहीं, काया भी पवित्र होती है। भगवान महावीर स्वामी के बताए मार्ग पर चलकर जैन समाज समृद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि जैन संत मुनि सुधाकर महाराज लोगों को सत्कर्मों की शिक्षा देकर संस्कारित कर रहे हैं। मनुष्य निर्माण का यह कार्य अभिनंदनीय है। समाज व्यसन से दूर रहे और अच्छे कार्यों में लगे, यही अपेक्षा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। गौपालन को बढ़ावा देने के साथ गौपालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेद कॉलेजों और चिकित्सालयों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।

कार्यक्रम में जैन संत सुधासागर महाराज ने कहा कि भारत ऐसा देश है, जहां सभी धर्मों और संप्रदायों का सम्मान किया जाता है और घर घर में गौपालन की परंपरा रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री यादव ने जैन संत मुनि का आशीर्वाद लिया। संत मुनि ने उन्हें अभिमंत्रित कलश भेंट किया।

Kolar News 16 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.