Advertisement
इंदौर। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को इंदौर में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने के लिए राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी। किसी भी खेल की अकादमी के लिए भूमि चाहिए होगी तो सरकार उपलब्ध कराएगी। यह चैंपियनशिप भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने महासंघ के 100 वर्ष पूरे होने पर खिलाड़ियों, पदाधिकारियों और मध्यप्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि तीन दिन के भीतर प्रदेश में दो अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं होना गौरव की बात है। वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप में करीब 35 देशों के 150 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उन्होंने विदेशी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि इंदौर मां अहिल्या की नगरी है और यहां अतिथि सत्कार की पुरानी परंपरा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 19 नवंबर को प्रदेश में महिला हॉकी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भी होगी। इससे प्रदेश में खेल गतिविधियों और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को नया विस्तार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सभी खेलों को समान महत्व दिया जा रहा है। ओलंपिक, एशियाई खेल और कॉमनवेल्थ में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। नई शिक्षा नीति के तहत खेलों को शिक्षा से जोड़ने से विद्यार्थियों में प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पंकज आडवाणी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर खेल भी खेला।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |