Advertisement
ग्वालियर। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने सोमवार को जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के 62वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और उपाधियां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। व्यावहारिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और नवाचार की क्षमता जीवन की वास्तविक चुनौतियों से निपटने के लिए जरूरी है।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालयों को शिक्षा और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना चाहिए। शिक्षा गुणवत्तापूर्ण, रोजगार आधारित और वर्तमान जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रह सकें।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प हर नागरिक के सम्मान और समृद्धि से जुड़ा है। विद्यार्थी अपने कर्म, चरित्र और नवाचार से इस संकल्प को साकार करने में योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा और संस्कार विद्यार्थियों के आचरण में दिखने चाहिए। व्यक्तिगत प्रगति के साथ परिवार, समाज और देश के कल्याण के लिए भी काम करना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि मशीनें काम को आसान बना सकती हैं, लेकिन मानवीय संवेदना, विवेक और नैतिकता का स्थान नहीं ले सकतीं। शिक्षकों को विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ संवाद कौशल, टीम भावना और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।
मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा का उपयोग समाज और राष्ट्र के समावेशी विकास में करें। सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा और दांडिक न्याय विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलपति आलोक त्रिपाठी ने कहा कि चरित्र ही सबसे बड़ी उपाधि है।
जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलपति दिवाकर सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को दीक्षांत उपदेश दिया और शिक्षा के सदुपयोग की प्रतिज्ञा दिलाई।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |