Advertisement
जैसीनगर। जनजातीय गौरव दिवस पर जैसीनगर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि देश के जनजातीय समाज के महान नायकों को लंबे समय तक भुला दिया गया था। उनके संघर्ष और बलिदान को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सम्मान और पहचान दिलाने का काम किया है।
राजपूत ने कहा कि आदिवासी शब्द का अर्थ है, जो आदिकाल से इस धरती पर निवास कर रहे हैं। उन्हीं के स्वाभिमान, सम्मान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को जन जन तक पहुंचाने के लिए वर्ष 2021 में जनजातीय गौरव दिवस मनाने की घोषणा की गई थी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। जनजातीय किसानों को किसान सम्मान निधि और महिलाओं व बच्चों को लाड़ली बहना व लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में सागर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने बिरसा मुंडा को देश का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की उम्र में स्वतंत्रता आंदोलन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि सरकार बिरसा मुंडा, सिधु कान्हू, टंट्या भील, शंकर शाह, रघुनाथ शाह और रानी दुर्गावती जैसे नायकों को सम्मान दिलाने का काम कर रही है।
जनजाति कल्याण विकास परिषद के अर्जुन सिंह मरकाम ने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य जनजातीय नायकों का सम्मान करना, उनके जीवन से प्रेरणा लेना और भुला दी गई जनजातीय संस्कृति व इतिहास को देश और दुनिया के सामने रखना है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जनजातीय लोक कलाकारों के साथ लोक नृत्य भी किया। छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में जनजातीय लोक नृत्य, लोक गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |