Advertisement
धार। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धार जिले के डही में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए, जबकि राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंच से कार्यक्रम को संबोधित किया। समारोह में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का नक्सलवाद के दंश से मुक्त होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत आज अपने इतिहास, विरासत और जननायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। 15 नवंबर 2021 से मनाया जा रहा राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस अब राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुका है। बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर देशभर में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जनजातीय समाज का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की विशेष प्राथमिकता है। जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन हमें राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है।
समारोह में 1353.18 करोड़ रुपये लागत की डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया गया। इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों में करीब 47 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे लगभग एक लाख किसानों को लाभ होगा। इसके साथ ही धार जिले को 1570 करोड़ रुपये के 115 विकास कार्यों की सौगात दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए और प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के अत्याचार, धर्मांतरण और जनजातीय समाज की जमीनों पर कब्जे के खिलाफ संघर्ष किया। अपनी संस्कृति पर स्वाभिमान और देश पर गौरव करना उनसे सीखना चाहिए।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |