Advertisement
भोपाल। रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों को नशेड़ी कहे जाने वाले बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर एवं जिला किसान कांग्रेस भोपाल शहर द्वारा शुक्रवार को भोपाल सांसद आलोक शर्मा के निवास पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सांसद को ज्ञापन भी सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने रीवा सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए उनसे तत्काल इस्तीफा देने और देश के किसानों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों का अपमान किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से भोपाल सांसद को भोपाल लोकसभा क्षेत्र सहित प्रदेश के किसानों की समस्याओं से अवगत कराया गया। इसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य, खाद वितरण, सिंचाई के लिए बिजली, फसलों का उचित दाम और बढ़ती कृषि लागत जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। कांग्रेस ने मांग की कि भोपाल सांसद इन समस्याओं को प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार के समक्ष रखें और लोकसभा में किसानों की आवाज उठाकर भाजपा सरकार में किसानों के साथ हो रहे भेदभाव को दूर कराने के लिए प्रभावी पहल करें।
जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के सम्मान, अधिकार और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शन में जिला किसान कांग्रेस भोपाल शहर के अध्यक्ष राघवेंद्र मीणा, मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक अवनीश भार्गव, जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल ग्रामीण के अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार सिंह, विष्णु विश्वकर्मा, पूर्व महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना, किसान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नितिन राजोरिया सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |