Advertisement
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। विगत 12 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध देशी-विदेशी शराब और बीयर के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए हैं। इस दौरान कुल 1 करोड़ 5 लाख 71 हजार 727 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।
*झाबुआ में 34.15 लाख की कार्रवाई*
झाबुआ पुलिस ने राणापुर क्षेत्र में 29 पेटी माउंट बीयर और तस्करी में प्रयुक्त तूफान वाहन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 7 लाख 69 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई। इसके अलावा अन्य प्रकरणों में 576.62 लीटर अवैध शराब और 227 पेटी बीयर के साथ वाहन सहित कुल 34 लाख 15 हजार रुपये की अवैध शराब और संपत्ति जब्त की गई।
*आलीराजपुर में 22.89 लाख की शराब जब्त*
थाना बखतगढ़ पुलिस ने ग्राम बखतगढ़ में दबिश देकर 222 पेटी अवैध शराब, करीब 1976.52 बल्क लीटर, जब्त की, जिसकी कीमत करीब 9 लाख 89 हजार रुपये है। एक आरोपी गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। थाना कट्ठीवाड़ा पुलिस ने ग्राम काछला के जंगल से 172 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, करीब 1553 बल्क लीटर, जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये है।
*छतरपुर, मुरैना और गुना में बड़ी कार्रवाई*
छतरपुर के थाना ओरछा रोड पुलिस ने रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान 350 पेटी अवैध देशी शराब, 3150 लीटर, और पिकअप वाहन सहित करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। मुरैना में थाना पोरसा, दिमनी और सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाइयों में कुल 12 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई। गुना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने चाचौड़ा के ग्राम भानपुरा में करीब 20 हजार लीटर लहान नष्ट किया और 150 लीटर कच्ची शराब जब्त की।
*भिंड, सागर और पांढुर्णा में भी जब्ती*
भिंड के थाना उमरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 198 लीटर अवैध शराब और बोलेरो वाहन सहित 4 लाख 41 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। सागर के केसली पुलिस ने भौरयाऊ घाटी में टाटा सूमो से 97.92 बल्क लीटर अवैध देशी शराब जब्त की और वाहन सहित 3 लाख 63 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पांढुर्णा के सौंसर पुलिस ने मारुति कार से 226.86 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त कर महाराष्ट्र निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |