Video

Advertisement


इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ONOS पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
ugc

 

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय में शुक्रवार को वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन पर एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम इन्फॉर्मेशन लाइब्रेरी नेटवर्क सेंटर, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में देश के पूर्वी क्षेत्र के राज्यों के लिए आयोजित हुआ।

 

कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति गिरीश चंदेल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन पहल के उद्देश्यों, प्रमुख विशेषताओं, उपलब्धता तथा प्रभावी उपयोग के संबंध में प्रतिभागियों को जागरूक करना था। भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई इस पहल के माध्यम से केंद्रीकृत सदस्यता व्यवस्था के अंतर्गत देशभर के पात्र उच्च शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थानों को शोध प्रकाशनों एवं अकादमिक पत्रिकाओं तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है।

 

उल्लेखनीय है कि उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन योजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 25 नवंबर 2024 को स्वीकृति प्रदान की थी तथा इसका क्रियान्वयन 1 जनवरी 2025 से प्रारंभ हुआ। योजना के प्रथम चरण 2025-2027 के लिए लगभग 6000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत पात्र संस्थानों को 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों की 13000 से अधिक प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं तक एकीकृत डिजिटल पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है। योजना का क्रियान्वयन शिक्षा मंत्रालय के माध्यम से इन्फॉर्मेशन लाइब्रेरी नेटवर्क सेंटर, यूजीसी द्वारा किया जा रहा है।

 

कुलपति चंदेल ने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय जैसे कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के लिए यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों को कृषि विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, फसल सुधार, पादप संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं टिकाऊ कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नवीनतम अंतरराष्ट्रीय शोध एवं वैज्ञानिक जानकारी तक पहुंच मिलेगी। इससे स्नातकोत्तर एवं पीएचडी शोधार्थियों के शोध कार्य की गुणवत्ता में सुधार के साथ अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ सहयोग एवं बहुविषयक अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में ONOS योजना के प्रभारी एस.के. त्रिपाठी ने योजना का महत्व बताते हुए कहा कि यह कृषि अनुसंधान एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक ज्ञान और नवीनतम वैज्ञानिक शोध तक पहुंच उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है। इसका प्रभावी उपयोग विश्वविद्यालय में शोध की गुणवत्ता, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग तथा कृषि तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान कर सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय में ONOS योजना के अधिकतम उपयोग के लिए पंजीकरण एवं क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ONOS की कार्यप्रणाली, पहुंच एवं उपयोग की सुविधाओं, विभिन्न विशेषताओं के व्यावहारिक उपयोग तथा प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता आरती गुहे, संचालक अनुसंधान सेवाएं विवेक कुमार त्रिपाठी, संचालक विस्तार सेवाएं एस.एस. टुटेजा, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता एस.एस. सेंगर, संचालक शिक्षण विजय कुमार सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित थे।

Kolar News 13 November 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.