Advertisement
टीकमगढ़। मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता पहुंचाकर लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में टीकमगढ़ जिले के थाना बल्देवगढ़ क्षेत्र में डायल-112 के जवानों ने तत्परता, साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कुएं में कूदे एक 35 वर्षीय व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला और समय पर अस्पताल पहुंचाया।
घटना 12 नवंबर की रात्रि करीब 10 बजे की है। ग्राम सूरजपुर खास से राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कुएं में गिर गया है और उसे तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक शिवकुमार मौरे और पायलट रविंद्र सिंह यादव ने देखा कि पारिवारिक विवाद के चलते अवसादग्रस्त होकर व्यक्ति ने कुएं में छलांग लगा दी थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जवानों ने बिना समय गंवाए ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने व्यक्ति को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद डायल-112 जवानों ने उसे एफआरवी वाहन से शासकीय अस्पताल बल्देवगढ़ पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया, साहस और मानवीय संवेदनशीलता से व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |